रिंकू सिंह को… जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 में क्या बदलेगी भारत की प्लेइंग-XI? आकाश चोपड़ा ने दिए बड़े संकेत

खेल

Aakash Chopra picks India probable xi: जिम्बाब्वे के खिलाफ 25 जुलाई को खेले जाने वाले दूसरे टी20 में भारतीय टीम 2-0 की बढ़त के इरादे से उतरेगी. पहले मैच में 7 विकेट से जीत के बाद पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारत को प्लेइंग XI में कोई बदलाव नहीं करना चाहिए. हालांकि, उन्होंने सलाह दी कि रिंकू सिंह की वजह से एक कम गेंदबाज खिलाने की स्थिति में, उन्हें बैटिंग ऑर्डर में ऊपर मौका मिलना चाहिए. मयंक, प्रिंस और अशोक जैसे युवा गेंदबाजों को भी लगातार मौके मिलने चाहिए.

नई दिल्ली.
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. अब भारतीय टीम की नजरें 25 जुलाई (शनिवार) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले पर हैं। टीम इंडिया की कोशिश होगी कि वह इस मैच को जीतकर सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ले. जिस तरह का फॉर्म भारतीय टीम दिखा रही है, उसे देखते हुए यह लक्ष्य हासिल करना ज्यादा मुश्किल नजर नहीं आता. हालांकि, मैच से पहले सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या दूसरे टी20 के लिए भारतीय टीम प्रबंधन अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव करेगा? इस अहम मुद्दे पर भारत के पूर्व क्रिकेटर और जाने-माने कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने विचार साझा किए हैं.

आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) के पहले टी20 मैच का विश्लेषण करते हुए यह बात साफ तौर पर सामने आई कि भारतीय टीम मैदान पर पांच मुख्य गेंदबाजों के साथ उतरी थी. यानी टीम के पास एक अतिरिक्त गेंदबाज की कमी महसूस हो रही थी. फिनिशर के रूप में रिंकू सिंह (Rinku Singh) को अंतिम एकादश में जगह देने की वजह से भारत को एक कम विशेषज्ञ गेंदबाज के साथ उतरना पड़ा. इस स्थिति को संतुलित करने का काम ऑलराउंडर शिवम दुबे ने बखूबी किया. कप्तान ने दुबे से उनके कोटे के पूरे 4 ओवर गेंदबाजी करवाई, जिसमें उन्होंने न केवल किफायती स्पेल डाला बल्कि एक महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किया. आकाश चोपड़ा का मानना है कि शिवम दुबे की गेंदबाजी क्षमता का टीम इंडिया को पूरा इस्तेमाल करना चाहिए. उनसे जितनी ज्यादा बॉलिंग करवाई जाए, टीम संयोजन के लिए उतना ही बेहतर है.
India probable xi, Aakash chopra pick playing xi india, india vs Zimbabwe, india vs Zimbabwe 2nd t20, Aakash chopra predicted playing xi, भारतीय एकादश, इंडिया वर्सेस जिम्बाब्वे, भारत बनाम जिम्बाब्वे Zoom
युवा गेंदबाजों पर भरोसा बनाए रखने की वकालत
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर चर्चा करते हुए कहा कि भले ही पहले मैच में अशोक शर्मा की शुरुआत थोड़ी उतार-चढ़ाव भरी रही और वे अपनी लय से भटकते दिखे, लेकिन उन्हें और मौके मिलने चाहिए. उनका यह पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था, और युवा गेंदबाजों को खुद को साबित करने के लिए समय देना बेहद जरूरी है. इसके अलावा आकाश चोपड़ा ने मयंक यादव और प्रिंस यादव की तारीफ करते हुए कहा कि इन दोनों युवा तेज गेंदबाजों को सीरीज के तीनों मुकाबलों में लगातार खिलाना चाहिए. साथ ही, लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को भी अपनी गेंदबाजी में और सुधार करने तथा मैच जिताऊ प्रदर्शन करने के लिए अधिक मौके मिलने चाहिए. युवाओं पर भरोसा कायम रखना ही भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए सही रणनीति होगी.

रिंकू सिंह के बल्लेबाजी क्रम को लेकर आकाश चोपड़ा की सलाह
टीम के बल्लेबाजी संयोजन पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने एक बेहद दिलचस्प और महत्वपूर्ण सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि अगर दूसरे टी20 मैच में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती है, तो रिंकू सिंह को बैटिंग ऑर्डर में ऊपर भेजा जाना चाहिए. आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘अगर आपकी पहले बैटिंग आती है, तो रिंकू सिंह को ऊपर बल्लेबाजी का मौका मिलना चाहिए. जब आप उन्हें टीम में खिला रहे हैं और उनकी वजह से एक कम गेंदबाज के साथ मैदान पर उतर रहे हैं, तो कम से कम उनसे पूरी बल्लेबाजी तो करवा लें. जब आप अभिषेक, इशान, वैभव और तिलक जैसे सभी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका दे रहे हैं, तो रिंकू को भी ऊपरी क्रम में पर्याप्त गेंदे खेलने का मौका मिलना चाहिए.’
दूसरे टी20 के लिए क्या होगी भारत की संभावित प्लेइंग-XI?
आकाश चोपड़ा का स्पष्ट मानना है कि पहले मैच में मिली जीत के बाद भारतीय टीम को अपनी विजयी संयोजन से छेड़छाड़ करने की कोई जरूरत नहीं हैण् उनके अनुसार, दूसरे मैच के लिए भारत को बिना किसी बदलाव के उसी प्लेइंग-XI के साथ मैदान पर उतरना चाहिए.
दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-XI: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा, मयंक यादव.