‘अभिव्यक्ति से डरने वाला अपनी ताकत खो चुका होता है’, बेटे के समर्थन में उतरीं प्रियंका गांधी

Breaking News

Loading

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपने बेटे एवं फोटोग्राफर रेहान वाद्रा की प्रदर्शनी से हाल के विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाए जाने के मामले में बृहस्पतिवार को कहा कि जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी और की अभिव्यक्ति से डरने लगता है तो…

नई दिल्ली

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपने बेटे एवं फोटोग्राफर रेहान वाद्रा की प्रदर्शनी से हाल के विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाए जाने के मामले में बृहस्पतिवार को कहा कि जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी और की अभिव्यक्ति से डरने लगता है तो उसे इसका एहसास नहीं होता, लेकिन वह उस ताकत को पहले ही खो चुका होता है, जिसे वह बचाने की कोशिश कर रहा होता है।

प्रियंका गांधी की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब रेहान ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के बीकानेर हाउस में उनकी एकल प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले हाल के विरोध प्रदर्शनों की उनकी कई तस्वीरें हटा दी गईं। कांग्रेस नेता ने ‘एक्स’ पर अपने बेटे के नाम लिखे संदेश में कहा, ”जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी और की अभिव्यक्ति से डरने लगता है तो उसे इसका एहसास नहीं होता, लेकिन वह उस ताकत को पहले ही खो चुका होता है, जिसे वह बचाने की कोशिश कर रहा होता है।”

उन्होंने कहा, ”आप सही के लिए खड़े रहो और हर खूबसूरत चीज खुद आपके पास आएगी। मुझे आप पर गर्व है और हमेशा रहेगा।” रेहान ने बुधवार को कहा था कि प्रदर्शनी के पूर्वावलोकन (प्रिव्यू) से कुछ घंटे पहले उन्हें बताया गया कि यदि तस्वीरें शाम पांच बजे तक नहीं हटाई गईं तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी। उनके मुताबिक, प्रदर्शनी के लिए उन्होंने विस्तृत प्रस्ताव और प्रारूप पहले ही बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ साझा कर दिया था।

उन्होंने कहा था कि प्रदर्शनी में शुरुआत में वन्यजीवन, अमूर्त कला और भारत में हाल में हुए युवाओं के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी तस्वीरों सहित 100 से अधिक तस्वीरें थीं तथा इनमें से 70 से अधिक तस्वीर हटा दी गईं और करीब 40 तस्वीर ही प्रदर्शित की गईं। रेहान ने कहा था कि हटाई गई तस्वीरों में कोई राजनीतिक संदेश नहीं था और वे पिछले छह महीनों में हुए विरोध प्रदर्शनों को तस्वीरों के जरिए दर्ज करने का प्रयास थीं।

रेहान के अनुसार, बीकानेर हाउस प्रशासन ने तस्वीरें हटाने के पीछे मौजूदा ”राजनीतिक माहौल” का हवाला देते हुए कहा था कि इन तस्वीरों को प्रदर्शित करने का यह सही समय नहीं है। प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ का पूर्वावलोकन बुधवार को हुआ था और यह बृहस्पतिवार से आम लोगों के लिए खुलने वाली है। तस्वीरें हटाए जाने के बावजूद प्रदर्शनी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा रही है। बीकानेर हाउस के एक अधिकारी ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए बुधवार को कहा था कि वह इस बारे में बोलने के लिए अधिकृत नहीं हैं।