अभिजीत दीपके ने सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अपने आगमन का जिक्र करते हुए कहा कि विमान के उतरने से ठीक पहले उन्हें लगा था कि जैसे वह अपनी आजादी के आखिरी क्षण जी रहे हों. उन्होंने कहा, “मैं इस मकसद के लिए अपनी आजादी कुर्बान करने को पूरी तरह तैयार था.” सीजेपी संस्थापक ने दावा किया कि कई लोगों ने जेल जाने के डर से समझौता कर लिया और ‘खुद को बेच दिया’. उन्होंने भीड़ की जोरदार तालियों के बीच कहा, “लेकिन इस देश के छात्र-युवा नहीं बिके हैं.”


CJP protest Live: जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की गई
दिल्ली पुलिस ने इस बात से इनकार किया है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट और समाचार रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है. यह स्पष्ट किया जाता है कि ऐसी कोई FIR दर्ज नहीं की गई है. नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे बिना पुष्टि की गई जानकारी पर विश्वास न करें और न ही उसे फैलाएं. कृपया केवल दिल्ली पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक अपडेट पर ही भरोसा करें.”
CJP protest Live: कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में हिट लेकर पहुंचा शख्स, बताया टुकड़े-टुकड़े गैंग का एक्सटेंशन
जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय हल्का तनाव पैदा हो गया, जब एक शख्स हाथ में ‘हिट’ स्प्रे लेकर मौके पर पहुंच गया. युवक ने प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच पहुंचकर CJP को कथित तौर पर ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग का विस्तार’ बताया और उसके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.
चश्मदीदों के मुताबिक, युवक की टिप्पणी के बाद वहां मौजूद कुछ CJP समर्थकों ने आपत्ति जताई, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल गरमा गया और हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई. स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया. पुलिस ने युवक को प्रदर्शन स्थल से अलग किया और वहां मौजूद लोगों को शांत कराया. इसके बाद हालात सामान्य हो गए और प्रदर्शन जारी रहा.
CJP protest Live: आजादी कुर्बान करने को तैयार था: जंतर-मंतर पर बोले अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि वह दिल्ली आने से पहले हिरासत में लिए जाने की संभावना के लिए पूरी तरह तैयार थे. उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में फ्लाइट लैंड होने से ठीक पहले मुझे लगा जैसे यह मेरी आजादी के आखिरी पल हैं.’ दीपके ने आगे कहा, ‘मैं इस मुद्दे के लिए अपनी आजादी कुर्बान करने को तैयार था.’ उन्होंने यह भी कहा कि जेल के डर से कई लोग समझौता कर लेते हैं, लेकिन ‘इस देश के युवा और छात्र बिके नहीं हैं.’ उनके बयान पर प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं.
Cockroach Janta Party Protest Live: पोस्ट डिलीट कर सकते हो, हमें नहीं : CJP प्रदर्शन में सरकार पर बरसे अभिजीत दिपके
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी मांगों पर जवाब देने की बजाय आंदोलन की सोशल मीडिया गतिविधियों को दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा, ‘एक महीने से हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय हमारे अकाउंट हैक करने और पोस्ट हटवाने पर ध्यान दिया जा रहा है.’ दिपके ने आगे कहा, ‘आप हमारी पोस्ट डिलीट कर सकते हैं, लेकिन हमें इस जगह से मिटा नहीं सकते.’ उनके इस बयान पर प्रदर्शन स्थल पर मौजूद समर्थकों ने जोरदार तालियां और नारेबाजी की.
CJP protest Live: लोगों से जुड़े मुद्दे उठा रही है CJP : प्रदर्शन में पहुंचीं साइकोलॉजिस्ट
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन में पहुंचीं 38 वर्षीय साइकोलॉजिस्ट सुगंधा ने कहा कि यह आंदोलन सोशल मीडिया से लोगों को सड़कों तक लाने में सफल रहा है, क्योंकि यह ऐसे मुद्दे उठा रहा है जिनसे लोग खुद को जोड़ पा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘कुछ छात्रों ने जान तक दे दी और लाखों युवा लगातार मानसिक दबाव में हैं, लेकिन जवाबदेही तय नहीं हो रही.’ उनके बयान के बाद प्रदर्शन में शिक्षा और युवाओं के मानसिक तनाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठता दिखा.
Cockroach Janta Party Protest Live: कॉकरोच डरते नहीं, वो कभी मरते भी नहीं : अभिजीत दिपके
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दिपके ने कहा, ‘देश का युवा अब डरेगा नहीं, लड़ाई लड़ेगा.’ उन्होंने आगे कहा, ‘कॉकरोच डरते भी नहीं हैं और वो कभी मरते भी नहीं.’ दिपके के इस बयान के बाद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों ने जोरदार नारेबाजी की.
CJP protest Live: CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली हाई अलर्ट पर
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने राजधानी के कई अहम इलाकों, एयरपोर्ट और बॉर्डर चेकपॉइंट्स पर 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की है. प्रदर्शन के मद्देनजर पूरे शहर में हाई अलर्ट रखा गया है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं.
सोनम वांगचुक समर्थन, बोले- अभिजीत के खिलाफ कार्रवाई तो करूंगा अनशन
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने CJP प्रदर्शन को समर्थन देते हुए बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर प्रदर्शन के संबंध में अभिजीत दिपके के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है, तो वह 6 हफ्ते का अनशन करेंगे.
Cockroach Janta Party Protest Live: महाराष्ट्र में अभिजीत दीपके के घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित वालुज MIDC इलाके वाले घर के बाहर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कदम भीड़ और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए उठाया गया है. DCP पंकज अतुलकर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल दिपके के माता-पिता घर पर नहीं हैं और उनसे संपर्क में भी नहीं हैं.
CJP protest Live: CJP प्रदर्शन में जंतर-मंतर पर जुटी भारी भीड़
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा प्रोफेशनल्स और अभिभावक पहुंचे. कई लोग कॉकरोच मास्क पहनकर और हाथों में फूल लेकर पहुंचे। प्रदर्शनकारी कथित परीक्षा और भर्ती अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं.
Cockroach Janta Party Protest Live: BJP के ‘पाकिस्तानी फॉलोअर्स’ आरोप को CJP ने किया खारिज
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बीजेपी नेताओं के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में बड़ी संख्या पाकिस्तान से है. CJP की ओर से कहा गया कि उनके 94% से ज्यादा फॉलोअर्स भारत से हैं. पार्टी ने सवाल उठाते हुए कहा, ‘केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों बता रहे हैं?’
CJP protest Live: जंतर-मंतर पर गूंजे ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारे
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे और ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारे लगाए गए. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘हमने शिक्षा मंत्री को चुना और वहां भेजा है, उनकी सैलरी हमारे टैक्स से जाती है. उनके कार्यकाल में लाखों युवाओं का भविष्य अंधेरे में चला गया है.’ वहीं CJP संस्थापक अभिजीत दीपके भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंच चुके हैं और प्रदर्शन जल्द शुरू होने की उम्मीद है.
Cockroach Janta Party Protest Live: जंतर-मंतर पर पहुंचे अभिजीत दीपके, जुटने लगे प्रदर्शनकारी
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘हजारों’ लोग पहुंचने लगे हैं. पार्टी ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्रालय में कथित लापरवाही के खिलाफ यह प्रदर्शन किया जा रहा है. CJP ने पोस्ट में लिखा, ‘धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचने लगे हैं.’
CJP protest Live: जंतर-मंतर की बजाय दिल्ली में घूमते रहे अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक CJP संस्थापक अभिजीत दिपके एयरपोर्ट से नई दिल्ली जिले में पहुंच चुके हैं, लेकिन जंतर-मंतर जाने के बजाय वह अपनी गाड़ी से रकाबगंज गुरुद्वारा और कनॉट प्लेस इलाके में घूमते रहे. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन की अनुमति केवल जंतर-मंतर पर दी गई है, ऐसे में उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
Cockroach Janta Party Protest Live: दिल्ली पुलिस ने CJP को ‘वन टाइम एक्सेप्शन’ में दी अनुमति
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दे दी है. पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा. दिल्ली पुलिस ने साफ कहा है कि यह अनुमति ‘वन टाइम एक्सेप्शन’ यानी एक बार के विशेष अपवाद के तौर पर दी गई है.
CJP protest Live: CJP के प्रदर्शन में शामिल होंगे सोनम वांगचुक
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होंगे. 59 वर्षीय वांगचुक ने पहले ही X पर पोस्ट कर इसका ऐलान किया था. उन्होंने लिखा था, ‘अगर हम नहीं, तो कौन? अगर अभी नहीं, तो कब?’ वांगचुक ने कहा था कि अगर 5 जून तक हालात नहीं बदले तो वह 6 जून को दिल्ली में CJP के प्रदर्शन में शामिल होंगे. उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी स्थिति बिगड़ने पर किसी भी स्वाभिमानी मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि इसका असर लाखों युवाओं और देश के भविष्य पर पड़ता है.
Cockroach Janta Party Protest Live: एयरपोर्ट पर अभिजीत और GMR टीम के बीच बहस
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: सूत्रों के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट पर CJP संस्थापक अभिजीत दिपके की GMR टीम के साथ काफी देर तक बहस हुई. बताया जा रहा है कि अभिजीत एयरपोर्ट पर VIP ट्रीटमेंट की मांग कर रहे थे और उन्होंने अपनी गाड़ी अंदर लाने की डिमांड भी की. सूत्रों के अनुसार जब तक गाड़ी अंदर नहीं पहुंची, तब तक वह बाहर निकलने को तैयार नहीं हुए. हालांकि उन्हें VIP EXIT की अनुमति नहीं मिली.
CJP protest Live:दिल्ली एयरपोर्ट पर ऐसे दिखे CJP संस्थापक अभिजीत दिपके
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार को प्रस्तावित जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली पहुंचे. एयरपोर्ट से सामने आई पहली तस्वीरों में वह डॉ. भीमराव आंबेडकर की आत्मकथा की कॉपी हाथ में लिए नजर आए. दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत ने समर्थकों से अनुशासन बनाए रखने और प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने की अपील की.

Cockroach Janta Party Protest Live: मेट्रो सेवा सामान्य रहेगी
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: सुरक्षा अलर्ट के बीच दिल्ली मेट्रो सेवा सामान्य रूप से चलती रहेगी. स्पेशल ब्रांच की टीमें हर जिले में एक्टिव हैं और पूरे प्रदर्शन पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके.
CJP protest Live: Ola-Uber बुकिंग और सोशल मीडिया पर भी नजर
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस Ola, Uber और दूसरी प्राइवेट टैक्सी कंपनियों के संपर्क में है. जंतर-मंतर रूट पर अचानक बढ़ रही राइड बुकिंग पर नजर रखी जा रही है. वहीं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी तेज कर दी गई है ताकि प्रदर्शन की आड़ में कोई माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके.
