फिल्मी दुनिया में फैंस की दीवानगी के यूं तो कई किस्से सुनने को मिल जाते हैं. लेकिन इनमें से कुछ ही किस्से यादगार होते हैं. आज बॉलीवुड के गलियारों से आपके लिए एक ऐसा ही रोचक किस्सा लाए हैं. ये एक ऐसी फैन की कहानी है जो चोरी-छिपे सुपरस्टार को कॉल किया करती थीं, लेकिन फिर एक दिन वह उसी सुपरस्टार संग शादी के बंधन में बंध गईं.
नई दिल्ली.
डिंपल कपाड़िया (Dimple Kapadia) ने ‘बॉबी’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था. ‘बॉबी’ की शूटिंग के दौरान ये एक्ट्रेस महज 14 साल की थीं. डिंपल कपाड़िया भले ही फिल्मी परिवार से ताल्लुक नहीं रखती थीं, लेकिन उनके पिता का फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के साथ गहरा नाता था. फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ उठने- बैठने की वजह से हमेशा से ही डिंपल के घर में फिल्मों को लेकर चर्चा हुआ करती थी और वह बचपन से ही एक्ट्रेस बनने के ख्वाब देखने लगी थीं. पिता की पहचान के चलते डिंपल कपाड़िया को काफी कम उम्र में ही फिल्मों के ऑफर भी मिलने लगे थे.
डिंपल कपाड़िया बचपन से फिल्मों की ही नहीं बल्कि फिल्म स्टार्स की भी बड़ी फैन हुआ करती थीं. छोटी सी ही उम्र से वह दिग्गज एक्टर राजेश खन्ना की बहुत बड़ी फैन थीं. उनमें इस सुपरस्टार को लेकर ऐसी दीवानगी थी कि वह बिना कुछ सोचे- समझे चोरी छिपे उन्हें फोन भी कर दिया करती थीं. दरअसल, डिंपल कपाड़िया ने दीवानगी की हर हद को पार करते हुए राजेश खन्ना का फोन नंबर जुगाड़ कर लिया था और फिर क्या था जैसे ही नंबर मिला एक्ट्रेस ने बिना कुछ सोचे समझे एक्टर को कॉल लगा दिया था.
मैनेजर से पड़ी थी डांट
उन दिनों राजेश खन्ना फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम हुआ करते थे. उनका स्टारडम ऐसा था कि वह अपना फोन भी खुद नहीं उठाते थे. राजेश खन्ना का फोन उनके मैनेजर के पास ही हुआ करता था. फिर क्या था जैसे ही डिंपल कपाड़िया ने उन्हें फोन लगाया, उनके मैनेजर ने उन्हें डांट- फटकार कर फोन काट दिया. लेकिन किसने सोचा था कि जिस सुपरस्टार की डिंपल दीवानी हुआ करती थीं, एक दिन वह उसी से शादी कर लेंगी.
तुरंत शादी के लिए कर दी थी ‘हां’
डिंपल की पहली फिल्म ‘बॉबी’ रिलीज भी नहीं हुई थी कि उन्होंने अपने से 15 साल बड़े राजेश खन्ना से शादी कर इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया था. दरअसल, काका को डिंपल पहली ही नजर में पसंद आ गई थीं और उन्होंने अचानक ही एक्ट्रेस के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया था. जबकि उन दिनों डिंपल अपने को-स्टार ऋषि कपूर को डेट कर रही थीं, लेकिन राजेश खन्ना के प्रस्ताव के बाद उन्होंने तुरंत शादी के लिए हां कर दी.
करियर से ज्यादा अहम थी शादी
एक्ट्रेस ने अपने पुराने इंटरव्यू में कई बार इस बात का जिक्र किया है कि वह राजेश खन्ना की इतनी बड़ी फैन हुआ करती थीं कि उस वक्त उनसे शादी करना ही उनके लिए सबसे खुशी की बात थी. काका संग शादी के बंधन में बंधना उनके फिल्मी करियर से भी अहम था और इसी वजह से उन्होंने एक्टर की बात मान फिल्मों से दूरी बना ली थी.















