रुपाणी के इस्तीफे पर चिदंबरम का तंज, बोले- अपने असफल मुख्यमंत्रियों को बदलने में व्यस्त है BJP

Breaking News

Loading

नई दिल्ली।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम गुजरात में पांच साल से मुख्यमंत्री के तौर काम कर रहे विजय रूपाणी को अचानक हटाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सिर्फ अपने असफल मुख्यमंत्रियों को बदलने में व्यस्त है और भाजपा शासित राज्यों में ऐसे मुख्यमंत्रियों की फेहरिस्त लम्बी है।

चिदंबरम ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद से रूपाणी को हटाने और उनके स्थान पर पहली बार विधायक बने भूपेंद्र पटेल को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर सोमवार को ट्वीट किया, “भाजपा अपने नाकाम मुख्यमंत्रियों को हटाने में व्यस्त है। आखिर भाजपा को यह एहसास कब हुआ कि मुख्यमंत्री ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि काम अच्छा नहीं करने के कारण भाजपा कई राज्यों के मुख्यमंत्री बदल चुकी है और कई अन्य राज्य हैं जहां असफल मुख्यमंत्री हैं और उनको बदले जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “संबंधित राज्य के लोग जानते थे कि बीएस येदियुरप्पा, दो रावत और रूपाणी कई महीनों से खराब प्रदर्शन कर रहे थे। कई और हैं जिन्हें बदला जाना चाहिए। सूची लम्बी है जिनमें हरियाणा, गोवा, त्रिपुरा आदि शामिल हैं।”

 

गुजरात में रविवार को रूपाणी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और उनकी जगह पटेल को मुख्यमंत्री बनाया गया। मार्च में चार साल से ज्यादा समय तक उत्तराखंड में मुख्यमंत्री रहे त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाकर उनकी जगह तीरथ रावत को मुख्यमंत्री बनाया गया लेकिन महज तीन महीने के भीतर उनको बदलकर पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाया गया।

कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री बदले जाने पर अपने आधिकारिक ट्ि्वटर हैंडल पर कहा, “प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के खिलाफ जो व्यापक जनाक्रोश है, उसे मुख्यमंत्रियों का चेहरा बदलकर शांत नहीं किया जा सकता है। गिरती जीडीपी, बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य संरचना के बुरे हाल से हर कोई वाकिफ़ है। अपनी नाकामी छिपाने की यह भाजपाई तरकीब कामयाब नहीं होगी।”