IND VS ENG: चोटिल शुभमन गिल के स्थान पर दो ओपनरों को इंग्लैंड भेजने पर जानिए क्या बोले सबा करीम

खेल

,नई दिल्ली

भारतीय ओपनर शुभमन गिल चोट के कारण इंग्लैंड के साथ चार अगस्त से शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए और उनकी जगह कौन ओपनिंग करेगा, टीम मैनेजमेंट के सामने यह सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मयंक अग्रवाल और केएल राहुल के रूप में भारत के पास अभी भी दो विकल्प मौजूद है। साथ में ​अभिमन्यु ईश्वरण भी है, जोकि रिजर्व बल्लेबाज के तौर पर टीम के साथ है। बीच में ऐसी भी खबरें आई थी कि टीम मैनेजमेंट गिल के स्थान पर पृथ्वी शॉ और देवदत्त पडक्कील को इंग्लैंड बुलाना चाहते हैं। हालांकि भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि ऐसे में पहले से ही टीम में मौजूद खिलाड़ियों के अंदर असुरक्षा उत्पन्न हो सकता है।

 

इंडिया न्यूज से बात करते हुए करीम ने कहा, ‘मुझे कभी यह सही नहीं लगेगा क्योंकि अगर आप एडिशनल रिप्लेसमेंट करते हैं तो फिर टीम में पहले से ही मौजूद खिलाड़ियों के अंदर काफी असुरक्षा महसूस होती है और उन्हें लगता है कि टीम के अंदर स्थान सिक्योर नहीं है। इस तरह की स्थिति पैदा करने की कोई जरूरत नहीं है। आपको सिलेक्टर्स द्वारा किए गए काम में थोड़ा विश्वास दिखाना होगा। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि टीम मैनेजमेंट की ओर से ऐसी मांग की गई होगी। लेकिन अगर यह हुआ है, तो यह सही नहीं है।

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने आगे कहा, अगर टीम को रिप्लेसमेंट की जरूरत होती है, तो उन्हें सिलेक्टर्स के साथ, खासकर अध्यक्ष के साथ चर्चा करनी होती है। लेकिन किस खिलाड़ी को शामिल किया जाएगा, इसका फैसला चयन समिति करती है। यहां सवाल यह है कि जब उनके पास रिजर्व में पहले से ही इतने ओपनर्स हैं तो उन्हें एक रिप्लेसमेंट की जरूरत क्यों है। यहां यह कहना मुश्किल है कि टीम मैनेजमेंट की इस मांग के पीछे क्या कारण हो सकता है।