सरकार टीकाकरण अभियान को कभी उत्सव बताती है तो कभी युद्ध, खाली दावों से कुछ नहीं होगा : चिदंबरम

Breaking News

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने सोमवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कोविड रोधी टीके की आपूर्ति और वितरण के प्रबंधन में अपनी ‘भारी विफलता’ को छिपाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘एक दिन सरकार टीकाकरण अभियान को एक उत्सव कहती है। दूसरे दिन, इसको ‘दूसरा युद्ध’ कहती है। यह क्या है?’’

पूर्व गृह मंत्री ने कहा, ‘‘याद कीजिए, जिस दिन प्रधानमंत्री ने पहली बार लॉकडाउन की घोषणा की थी। उस दिन उन्होंने दावा किया था कि महाभारत का युद्ध 18 दिनों में जीता गया था और कोरोना वायरस संकट के खिलाफ युद्ध 21 दिनों में जीता जाएगा। उस युद्ध का क्या हुआ?’’

चिदंबरम ने आरोप लगाया, ‘‘ खाली दावे, बयानबाजी और बड़ी-बड़ी बातों से वायरस के खिलाफ सफलता नहीं मिलेगी। सरकार टीकों की आपूर्ति और वितरण के प्रबंधन में अपनी भारी विफलता को छुपाने की कोशिश कर रही है।’’