‘द ओडिसी’ ने बॉक्स ऑफिस पर पकड़ी रफ्तार, 9वें दिन डबल डिजिट में कलेक्शन, भारत में 100 करोड़ क्लब में मारी एंट्री

मनोरंजन

क्रिस्टोफर नोलन की एपिक ड्रामा फिल्म ‘द ओडिसी’ का भारत में जलवा बरकरार है. वर्किंग डेज में सुस्ती के बाद फिल्म ने 9वें दिन जबरदस्त वापसी करते हुए डबल डिजिट में कलेक्शन दर्ज किया है. वीकेंड पर दर्शकों के शानदार रिस्पॉन्स के बदौलत फिल्म ने भारत में 100 करोड़ क्लब में धमाकेदार एंट्री मार ली है. 4 भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर जमकर परचम लहरा रहा है.

 

नई दिल्ली.
दुनियाभर में मशहूर डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त बिजनेस कर रही है. मैट डेमन स्टारर इस फिल्म ने कमाई के मामले में अब नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. भारत में इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है, जिसकी बदौलत फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.

वर्किंग डेज के दौरान फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट जरूर दर्ज की गई थी, लेकिन वीकेंड आते ही इसके कलेक्शन में बड़ा उछाल देखने को मिला. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में 4,591 शो और 4 भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म ने शनिवार यानी 9वें दिन 11.05 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. 8वें दिन फिल्म ने महज 6.85 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन वीकेंड के आते ही इसकी कमाई में सीधे 61.3 फीसदी की बड़ी बढ़त दर्ज की गई.

भारत में पार हुआ 100 करोड़ का आंकड़ा

इसी के साथ भारत में ‘द ओडिसी’ ने भारत में 100 करोड़ का आंकड़ा पार लिया है. 9 दिनों में अब तक यह मूवी 108.20 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस कर चुकी है. वहीं, क्रिस्टोफर नोलन की मूवी का भारत में कुल ग्रोस कलेक्शन अब 129.15 करोड़ रुपये हो गया है. मैट डेमन और टॉम हॉलैंड की यह फिल्म भारत के सिनेमाघरों में चार भाषाओं इंग्लिश, हिंदी, तमिल और तेलुगु में दिखाई जा रही है.

9वें दिन डबल डिजिट में किया कलेक्शन

 

9वें दिन के कुल 11.05 करोड़ रुपये के कलेक्शन में सबसे बड़ा हिस्सा इंग्लिश वर्जन का ही रहा, जिसने अकेले 9.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. 2700 से ज्यादा शोज में इंग्लिश वर्जन की ऑक्यूपेंसी करीब 80 फीसदी दर्ज की गई. इसके बाद हिंदी वर्जन ने 1 करोड़ रुपये की कमाई की. वहीं तमिल और तेलुगु में फिल्म की रफ्तार काफी धीमी रही, जहां दोनों भाषाओं में 10 लाख और 20 लाख रुपये का ही कलेक्शन हो सका.

भारत में मिली थी धमाकेदार ओपनिंग

17 जुलाई 2026 को रिलीज हुई ‘द ओडिसी’ ने भारत में हॉलीवुड फिल्मों के लिए अब तक की सबसे शानदार ओपनिंग में से एक दर्ज की थी. फिल्म ने पहले ही दिन 17.40 करोड़ रुपये का दमदार बिजनेस किया था, जो वीकेंड आते-आते और ज्यादा चढ़ गया. पहले शनिवार को फिल्म ने 22 करोड़ रुपये और रविवार को 21.90 करोड़ रुपये की ताबड़तोड़ कमाई की. इस तरह अपने पहले वीकेंड पर ही फिल्म ने 61.3 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था.

क्या है ‘द ओडिसी’ की कहानी?

बताते चलें कि फिल्म ‘द ओडिसी’ की कहानी होमर के मशहूर महाकाव्य पर आधारित है, जो इथाका के राजा ओडिसियस के इर्द-गिर्द घूमती है. इसमें दिखाया गया है कि कैसे उन्होंने ट्रोजन वॉर में जीत हासिल की और उसके बाद अपनी पत्नी पेनेलोप-बेटे टेलीमाकस के पास घर लौटने के लिए कितना लंबा और कठिन सफर तय किया. हालांकि, क्रिस्टोफर नोलन ने इस पौराणिक कथा को अपने खास अंदाज में ढालने के लिए कहानी के कुछ अहम हिस्सों में बड़ा बदलाव किया है.