पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पहली बार टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. रावलपिंडी टेस्ट में मैच के आखिरी दिन मेजबान टीम को 10 विकेट की करारी हार मिली. इस हार पर पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
नई दिल्ली.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट इतिहास में पहली बार हार का सामना करना पड़ा. अपने घर पर खेल रही मेजबान टीम के खिलाफ बांग्लादेश ने रावलपिंडी में 10 विकेट की दमदार जीत के साथ इतिहास रचा. पाकिस्तान ने अतिउत्साह में पहली पारी को 6 विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित किया था. इसके बाद बांग्लादेश ने 565 रन बनाए और दूसरी पारी में पाकिस्तान को 146 रन पर ढेर कर दिया. 29 रन के जीत के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर बांग्लादेश ने धमाका कर दिया. इस जीत पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भी बधाई दी है.
बांग्लादेश के हाथों पाकिस्तान की टीम को मिली शर्मनाक हार के बाद हर तरफ उसकी आलोचना की जा रही है. अपने घर पर खेलते हुए इस टीम को ऐसा हार से फैंस बेहद नाराज हैं. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस हार के बाद पहला रिएक्शन दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए अपनी बात रखी. बांग्लादेश की टीम को पाकिस्तान पर पहली जीत के लिए बधाई दी और अपनी टीम के जोरदार वापसी की उम्मीद जताई.
नकवी ने लिखा, इस मुकाबले में बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने यकीनन बहुत ही शानदार खेल दिखाया. पूरे मुकाबले में अपनी पकड़ कभी भी ढीली नहीं पड़ने दी. यह इस टीम के लिए ऐतिहासिक जीत है क्योंकि यह पहला मौका है जब पाकिस्तान को टेस्ट में बांग्लादेश की टीम ने हराया है. उनकी टीम को हार्दिक बधाई! बड़े दुर्भाग्य की बात है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम वैसा प्रदर्शन नहीं कर सकी, जिस तरह के खेल के लिए वह जानी जाती है. उम्मीद करता हूं कि मेन इन ग्रीन टीम अगले मुकाबले में जोरदार वापसी करेगी.




