“अधिकारी न सुने तो उनके मुंह पर थूक दो…फटे जूते की माला पहनाओ”, राजद विधायक सुधाकर सिंह के बिगड़े बोल

सुधाकर सिंह ने कहा-अधिकारियों को ठीक करने का आसान तरीका है। उनके मुंह पर थूक दो। कलक्टर के मुंह पर सौ आदमी थूकियेगा तो कौन दफा लगाकर आपको जेल भेजेगा। कोई दफा लगेगा क्या? सुधाकर सिंह यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि वे अधिकारियों को फूल का माला क्यों…
पटना
अपने बेबाक अंदाज से सुर्खियों में रहने वाले राजद विधायक और बिहार के पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने अपने ही सरकार के अधिकारियों के खिलाफ शब्दों के बाण चलाएं हैं। कैमूर में सुधाकर सिंह ने एक सभा को संबोधित करते हुए अपने समर्थकों को समझाया कि बगैर लाठी-डंडे के कैसे बिहार के अधिकारियों को ठीक किया जा सकता है।
सुधाकर सिंह ने कहा-अधिकारियों को ठीक करने का आसान तरीका है। उनके मुंह पर थूक दो। कलक्टर के मुंह पर सौ आदमी थूकियेगा तो कौन दफा लगाकर आपको जेल भेजेगा। कोई दफा लगेगा क्या? सुधाकर सिंह यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि वे अधिकारियों को फूल का माला क्यों पहनाते हैं। कलक्टर और अधिकारियों के गले में फटा हुआ जूते का माला लटका दीजिए। कौन दफा लगेगा। कोई दफा नहीं लगने वाला। सुधाकर सिंह ने कहा आज से फूल का माला पहनाना बंद कर दीजिए। जो कह रहे हैं वैसा करके देखिए, अधिकारी इस्तीफा देकर भाग जाएगा। सिर फोड़िएगा तो धारा 302 या 307 का केस हो जाएगा। लेकिन जो हम कह रहे हैं, उसे करके देखिए। कुछ नहीं होगा।
सुधाकर सिंह मेंटली हेल्दी नहीं: जदयू
सुधाकर सिंह के इस बयान के बाद राजद की सहयोगी पार्टी जदयू ने कड़ा एतराज जताया है। जदयू एमएलसी खालिद अनवर ने कहा है कि सुधाकर सिंह यह अनार्किस्ट वाला बयान है। यह बयान दर्शाता है कि सुधाकर सिंह मेंटली हेल्दी नहीं है। उन्हें इस तरह की बयान नहीं देना चाहिए। डेमोक्रेसी में ब्यूरोक्रेसी की बड़ी अहमियत है। सारी पॉलिसी और एकाउंटेंसी की जवाबदेही ब्यूरोक्रेसी के पास होती है। अगर ऐसा लगता है कि कोई अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। तो उनके लिए एक मैकेनिज्म बना हुआ है। इस तरह की बातों से कोई स्टेट नहीं चलता है। ये तो जंगल राज वाली बात हो गई। हमारे नेता नीतीश कुमार ने एक डिसिप्लिन कायम किया है स्टेट के अंदर। इस तरह के बयानों को हम रिजेक्ट करते हैं और उम्मीद करते हैं कि सुधाकर सिंह इस तरह के बयानों से बचेंगे।
भाजपा विधायक ने कही ये बात
वहीं सुधाकर सिंह के बयान पर भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो बात हम लोग पहले से कहते थे बिहार में अधिकारियों का बोलबाला है। अधिकारी अपने हिसाब से सरकार चलाते हैं। यहां विधायक मंत्री का कुछ नहीं चलता है। वह बात अब सामने आया है। जहां तक थूक फेंकने वाली बात कर रहे हैं। इसका सही जवाब जगदा बाबू, लालू प्रसाद या तेजस्वी देंगे। आपको बता दें कि सुधाकर सिंह बिहार सरकार के पूर्व कृषि मंत्री रह चुके हैं। जब पिछले साल बिहार में माहागठबंधन की सरकार बनी थी तो उन्हें कृषि मंत्री बनाया गया था। उसी समय से सुधाकर सिंह बिहार में अफसरशाही पर आवाज उठाते रहे और उन्होंने कृषि मंत्री के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था। सुधाकर सिंह राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे हैं।