राबड़ी बोलीं- सब माफ, डिप्टी सीएम बनते ही तेजस्वी ने छुए पैर तो चाचा ने हाथ मिलाकर कुर्सी पर बिठाया, पढ़ें

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राबड़ी देवी भी अपने परिवार के साथ राजभवन में पहुंची हैं। उनके साथ तेजस्वी की पत्नी भी मौजूद रहीं।
पटना
बिहार में जदयू और भाजपा के बीच दरार के बाद नीतीश कुमार ने आरजेडी के साथ मिलकर नई सरकार बना ली है। 10 अगस्त को नीतीश कुमार ने आठवीं बार सीएम पद की शपथ ली। वहीं तेजस्वी यादव ने भी दूसरी बार बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इस मौरे पर जब बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी से नीतीश कुमार से जुड़ा सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पुराना सब माफ है। पढ़ें इससे जुड़े 10 प्वाइंट्स-
सब माफ है- राबड़ी देवी:
राबड़ी देवी ने बिहार में महागठबंधन की नई सरकार को बधाई दी और कहा कि ये देश और बिहार के लिए यह अच्छा है। वहीं उनसे जब 2017 में नीतीश कुमार के आरजेडी से अलग जाकर भाजपा के साथ सरकार बनाने पर सवाल हुआ तो राबड़ी देवी ने कहा- सब माफ है…सब माफ है।
तेजस्वी यादव ने छुए नीतीश कुमार के पैर:
10 अगस्त को तेजस्वी यादव ने दूसरी बार बिहार के उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। शपथ लेने के बाद उन्होंने नीतीश कुमार के पास जाकर उनके पैर छुए। इस दौरान नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को गले लगाया। साथ में दोनों ने मंच से एकसाथ तस्वीरें भी खिंचवाई। इसके बाद सामने बैठे अपने सहयोगी दलों के नेताओं का हाथ उठाकर अभिवादन किया।
राबड़ी देवी ने बहू को बताया शुभ:
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद राबड़ी देवी ने खुशी जताते हुए इसे बिहार के लिए अच्छा संकेत बताया। उन्होंने कहा कि बहु राजश्री के घर में आने के बाद सरकार बनी है।
2024 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा को चेतावनी:
2024 लोकसभा में नीतीश कुमार ने अपनी दावेदारी पर कहा, “नहीं, हमारी किसी भी पद के लिए कोई दावेदारी नहीं है। पीएम लेकिन इतना तो ज़रूर कर दीजिये आप न कि 2014 में जो आए वो 2024 के आगे रह पाएंगे कि नहीं रह पाएंगे वो अपना समझें।” दरअसल शपथ लेने के बाद पत्रकारों से बात करने के दौरान जब नीतीश कुमार से सवाल किया गया कि क्या आप 2024 में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे? इसी पर नीतीश कुमार ने कहा कि जी नहीं कोई दावेदारी नहीं है।
मुझे 2020 चुनाव के बाद सीएम नहीं बनना था:
नीतीश कुमार ने शपथ के बाद कहा कि “2020 विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मैं सीएम नहीं बनना चाहता था, लेकिन मुझ पर दबाव डाला गया। आप देखिए क्या हुआ।”
नीतीश बोले- विपक्ष में हम थे, हैं और आगे भी रहेंगे:
नीतीश कुमार ने कहा कि कुछ लोग विपक्ष के खत्म होने की बात कह रहे हैं, लेकिन विपक्ष खत्म नहीं होगा, लोगों को जो करना है वो करते रहेंगे. नीतीश कुमार ने कहा कि विपक्ष में हम पहले भी थे, आगे भी रहेंगे और साथ रहेंगे।
सुशील मोदी को लेकर नीतीश कुमार ने दिया बड़ा बयान:
नीतीश कुमार ने शपथ ग्रहण के बाद बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि अगर सुशील मोदी का साथ बना रहता तो आज यह हालात पैदा नहीं होते। बता दें कि बिहार में सुशील मोदी एवं नीतीश कुमार को एकसाथ काम करने का काफी अनुभव था। दोनों के बीच अच्छी बान्डिंग रही।
“बिहार में लोगों को मिलेंगी बंपर नौकरियां”:
शपथ के बाद बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि रोजगार को लेकर हमारी मुख्यमंत्री जी से बात हुई है और 1 महीने के अंदर बिहार में लोगों को ऐसी बंपर नौकरियां मिलेगी जो किसी और राज्य में नहीं हुआ होगा।
उन्होंने कहा कि आज बिहार ने वो कर दिखाया जो देश को करना है। हम लोगों ने सदन से लेकर सड़क तक बेरोजगारी की लड़ाई लड़ी है। मुख्यमंत्री जी के निर्णय से हम लोगों को एक मौका मिला है की जनता और नौजवानों के दुख दर्द को दूर कर सकें।
पलटूराम कलटूराम बन गए- गिरिराज सिंह:
केंद्रीय मंत्री व BJP नेता गिरिराज सिंह ने कहा, “आज ‘पलटूराम’ ‘कलटूराम’ बन गए। मुझे पता चला कि लालू यादव ने उन्हें(नीतीश कुमार)बधाई दी है। लालू यादव ने एक बार ट्वीट किया था कि वे एक सांप हैं, जैसे सांप अपनी त्वचा छोड़ता है, वे अपना गठबंधन छोड़ देते हैं और हर 2 साल में नया गठबंधन कर लेते हैं।”
ये बिहार के हित के लिए सही नहीं- पशुपति पारस:
केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने जदयू के आरजेडी के साथ जाने पर कहा, “जो भी हुआ वह सही नहीं हुआ। ये बिहार के हित के लिए सही नहीं हुआ। 2020 में जब चुनाव हुए और 43 विधायक उनके दल के चुन कर आए थे, इसके बावजूद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया गया। नीतीश जी ऐसा कुछ कर सकते हैं हमें इसकी खबर नहीं थी।”