वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच 119 रनों से जीता, सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल जीत के हीरो रहे और मैन ऑफ द मैच के साथ-साथ मैन ऑफ द सीरीज भी चुने गए।
पोर्ट ऑफ स्पेन
प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज बने भारतीय ओपनर शुभमन गिल ने कहा कि वह 100 तक नहीं पहुंचे इसको झेल पाना थोड़ा मुश्किल है। गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी मैच में नॉटआउट 98 रनों की पारी खेली। वहीं वनडे सीरीज के दौरान तीन मैचों में उन्होंने 102.50 के स्ट्राइक रेट और एवरेज से 205 रन ठोके, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। सेंचुरी से चूकने का दर्द शुभमन ने मैच के बाद बयां किया।
गिल ने कहा, ‘मैं 100 की उम्मीद कर रहा था। लेकिन यह मेरे हाथ में नहीं था क्योंकि बारिश हो गई थी, पर मैं अपनी पारी से खुश हूं। मैं निराश इससे था कि किस तरह से पहले दो मैचों में आउट हो गया। मैं स्ट्राइक बदलने की कोशिश कर रहा था। बारिश के ब्रेक के बाद मैं चाहता था कि एक और ओवर मिल जाए, विकेट अच्छा था, मैंने सोचा था कि मैच को आगे ले जाया जा सकता है।’
भारतीय कप्तान शिखर धवन ने कहा, ‘गिल के लिए बुरा लगता है लेकिन यह होता है कई बार, लेकिन जिस तरह से उसने जवाब दिया है काबिलेतारीफ था। हमारे लड़के युवा हैं लेकिन अनुभवी हैं। उन्हें मुश्किलों से निकलना आता है। मैं अपनी फॉर्म से खुश हूं। मैं जानता हूं कि कैसे 50 को 100 में बदला जाता है। पहले मैच में मैंने 97 रन बनाए, लेकिन ये पारी भी मैं सही थी।’
