परिजनों के अनुसार, गांव में शादी समारोह चल रहा था। सोमवार शाम दोनों बच्चियां घर के बाहर खेलते हुए शादी वाले घर में आ-जा रही थीं। देर रात तक जब दोनों वापस नहीं लौटीं तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरी थाना क्षेत्र से पुलिस ने बुधवार को दो चचेरी बहनों का शव बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर ईंट भट्ठे के पास पानी भरे गड्ढे से दो बच्चियों का शव बरामद किया गया हैं। मृत बच्चियों की उम्र 12 वर्ष और 07 वर्ष बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, गांव में शादी समारोह चल रहा था। सोमवार शाम दोनों बच्चियां घर के बाहर खेलते हुए शादी वाले घर में आ-जा रही थीं। देर रात तक जब दोनों वापस नहीं लौटीं तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना रामपुरहरी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बुधवार सुबह अचानक ईंट भट्ठे के पास पानी भरे गड्ढे में दोनों बच्चियों के शव पड़े होने की सूचना मिली।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सूत्रों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच में जुटी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया गया। वहीं पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों के प्रारंभिक खुलासे और परिजनों के दावों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का आरोप है कि बच्चियों के साथ दरिंदगी (रेप) करने के बाद उनकी बेरहमी से हत्या की गई है।
निजी अंगों पर खून के निशान
पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया में शामिल डॉक्टरों के अनुसार, हत्या संभवतः 11 मई को ही कर दी गई थी। डॉक्टरों का कहना है कि 12 वर्षीय बच्ची के निजी अंगों पर खून के निशान मिले हैं। बड़ी बच्ची के बाएं हाथ की तीन उंगलियां कटी हुई मिली हैं और जबड़ा भी अपनी जगह से निकला हुआ था। सीने पर भी किसी भारी वस्तु से प्रहार के निशान पाए गए हैं। डॉक्टरों ने दुष्कर्म की पुष्टि के लिए ‘वेजाइनल स्वाब’ (Vaginal Swab) को सुरक्षित रख लिया है। हालांकि, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पश्चिमी अलय वत्स का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
