मोदी सरकार के पैरों तले खिसक चुकी है जमीन, यह सत्ता स्थायी नहीं : सोनिया गांधी

Breaking News

Loading

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पैरों तले जमीन खिसक चुकी है और उसकी सत्ता स्थायी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार के कदमों से उसकी बढ़ती असुरक्षा झलक रही है तथा महंगाई,…

नई दिल्ली 

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पैरों तले जमीन खिसक चुकी है और उसकी सत्ता स्थायी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार के कदमों से उसकी बढ़ती असुरक्षा झलक रही है तथा महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान लोगों का सत्ता के प्रति डर कम हो रहा है।

सोनिया गांधी ने हाल में प्रकाशित अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में यह भी कहा है सरकार के कामकाज से उसकी असुरक्षा झलकती है और देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ अब लोग खुलकर आवाज उठाने लगे हैं। उन्होंने इस पुस्तक देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, लोकतंत्र, विपक्ष की भूमिका और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा को लेकर अपने विचार व्यक्त किए हैं।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष का कहना है कि सरकार भले ही अपनी सत्ता और लोकप्रियता बरकरार रहने का दावा कर रही हो, लेकिन उनका मानना है कि राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं। उनके अनुसार, मुख्यधारा का मीडिया पहले की तरह पक्षपातपूर्ण बना हुआ है, लेकिन सरकार के कदम उसकी असुरक्षा को प्रदर्शित करते हैं। सोनिया गांधी ने पिछले कुछ महीनों में हुए विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि ये चुनाव मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की ओर संकेत करते हैं। उन्होंने विपक्ष के ‘वोट चोरी’ संबंधी आरोपों का भी जिक्र किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में सत्तारूढ़ दल चीन द्वारा सीमा पर भारतीय क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर कब्जा, संघीय सिद्धांतों का उल्लंघन करने वाले विधेयकों, अल्पसंख्यकों के अधिकारों और नागरिकों की निजता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचता है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि सरकार की ओर से पेश किए जा रहे आधिकारिक दावों की विश्वसनीयता कम हो रही है और लोग अब पहले की तुलना में कम भयभीत हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता के दुरुपयोग के अपने परिणाम होते हैं और अंतत: इससे सरकार का पतन होता है।

 

सोनिया गांधी के मुताबिक, सत्तावादी शासन व्यवस्थाएं जन प्रतिरोध का जवाब दमन बढ़ाकर देती हैं और भारत में भी ऐसा देखने को मिल रहा है। हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि मौजूदा सरकार स्थायी नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक परंपरा और सार्वभौमिक मताधिकार देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। आजादी के समय बेहद कम साक्षरता और गरीबी के बावजूद प्रत्येक वयस्क को मतदान का अधिकार देना एक क्रांतिकारी कदम था। इस लोकतांत्रिक व्यवस्था को आसानी से खत्म नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस की शीर्ष नेता ने RSS पर देश की धार्मिक और भाषाई विविधता पर एकरूपता थोपने की दीर्घकालिक योजना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वाभाविक बहुलता ऐसी कोशिशों का विरोध करेगी और युवाओं से उम्मीद है कि वे स्वतंत्रता और सामाजिक सौहार्द की रक्षा करेंगे। पुस्तक में उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों का भी उल्लेख किया है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष का कहना है कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को मिल रहे जनसमर्थन को देखकर भाजपा घबरा गई थी। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के भाषणों में अल्पसंख्यकों को लेकर चेतावनी देने वाले नारे और तीखी बयानबाजी बढ़ गई थी।

सोनिया गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों ने भाजपा की अजेय होने की छवि को तोड़ दिया। भाजपा अपने दम पर बहुमत हासिल करने में विफल रही और उसे सरकार बनाने के लिए दो क्षेत्रीय दलों का समर्थन लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने अपने मतभेदों को दरकिनार कर भाजपा का मुकाबला किया। हालांकि, यह केवल आधी लड़ाई थी, लेकिन उन्हें और कई अन्य लोगों को लगा कि देश एक बड़े संकट के मुहाने से पीछे लौट आया है। कांग्रेस नेता ने उम्मीद जताई कि देश की युवा पीढ़ी अन्याय और दमनकारी व्यवस्थाओं के खिलाफ खड़ी होगी। उन्होंने कहा, ‘समय लगेगा, लेकिन मुझे पता है कि वक्त बदलेगा और युवा सफल होंगे। वे हमारे देश की आत्मा को फिर से बहाल करेंगे और उसके घावों को भरेंगे।’