Bhool Bhulaiyaa 2 Box Office Day 6: 100 करोड़ी होने से चंद कदम दूर है कार्तिक आर्यन की फिल्म, उम्मीदों पर पानी फेरेगी Anek?

Bhool Bhulaiyaa 2 vs Anek: इस हफ्ते रिलीज होने जा रही आयुष्मान खुराना की नई फिल्म अनेक कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 को कड़ी टक्कर दे सकती है। इस फिल्म से ट्रेड एक्सपर्ट्स को काफी उम्मीदें हैं।
नई दिल्ली
कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) और कियारा आडवाणी (Kiara Advani) की हालिया रिलीज फिल्म भूल भुलैया 2 (Bhool Bhulaiyaa 2) हर दिन ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म (Bhool Bhulaiyaa 3 Box Office) की रफ्तार कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि वीकेंड आने तक यह फिल्म 100 करोड़ क्लब में आसानी से शामिल हो जाएगी। भूल भुलैया 2 को रिलीज हुए 6 दिन पूरे हो चुके हैं और इतने दिनों में भी यह 84 करोड़ का आंकड़ा पूरा कर चुकी है। इस हफ्ते आयुष्मान खुराना की नई फिल्म अनेक सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है और अगर यह फिल्म ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक कमाई कर ले जाती है तो कार्तिक के लिए आगे मुश्किलें खड़ी होना तय है।
6 दिन में भूल भुलैया 2 की कमाई
तरण आदर्श ने ट्वीट किया है, ‘भूल भुलैया 2 का जादू बरकरार है। वीकडेज पर भी अच्छा ट्रेंड कर रही है। इसकी रफ्तार अब जल्दी धीमी नहीं पड़ने वाली है। पहले वीक में 92 करोड़ से ज्यादा कमाने के लिए तैयार…यह फिल्म शुक्रवार को 14.11 करोड़, शनिवार को 18.34 करोड़, रविवार को 23.51 करोड़, सोमवार को 10.75 करोड़, मंगलवार को 9.56 करोड़, बुधवार को 8.51 करोड़ और कुल मिलाकर 84.78 करोड़ की कमाई कर चुकी है।’ अपने एक दूसरे ट्वीट में तरण आदर्श ने साल 2022 के टॉप 3 फिल्मों की तुलना की है। तरण ने ट्वीट किया है, ‘द कश्मीर फाइल्स ने 6ठे दिन 19.05 करोड़ कमाए तो वहीं भूल भुलैया 2 का यह स्कोर 8.51 है। आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी ने 6.21 करोड़ का बिजनेस किया था।’
आयुष्मान खुराना से होगी भिड़ंत
बीते शुक्रवार को पर्दे पर भूल भुलैया 2 के साथ-साथ कंगना रनौत (Kangana Ranaut) की फिल्म धाकड़ (Dhaakad) ने भी एंट्री मारी थी। धाकड़ बॉक्स ऑफिस पर दम तोड़ती हुई नजर आई और भूल भुलैया 2 को टक्कर देने में काफी पीछे रह गई। ऐसे में कार्तिक आर्यन के लिए रास्ता पूरा का पूरा साफ ही हो गया लेकिन इस शुक्रवार उनका सामना आयुष्मान खुराना की फिल्म अनेक से होगा। फिल्म के ट्रेलर को लोगों का अच्छा-खासा रिस्पॉन्स मिला है। ट्रेड एक्सपर्ट्स भी उम्मीद जता रहे हैं कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा बिजनेस करेगी। ऐसे में हो ना हो आयुष्मान खुराना आने वाले दिनों में कार्तिक आर्यन को कड़ी टक्कर तो जरूर देंगे।




