भाजपाईने महंगाई में कीर्तिमान बनाया है। भाजपा इस नसीबवाली उपलब्धि के होर्डिंग कब लगवा रही है।:अखिलेश

LPG दुनिया में सबसे महंगी, भाजपा इस नसीबवाली उपलब्धि के होर्डिंग कब लगाएगी, अखिलेश का सीधे मोदी पर तंज…
अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपाई महंगाई ने कीर्तिमान बनाया है। भाजपा इस नसीबवाली उपलब्धि के होर्डिंग कब लगवा रही है।
नई दिल्ली
देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में रोजाना हो रही बढ़ोतरी को लेकर विपक्षी पार्टियां केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं। अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महंगाई के लिए मोदी सरकार को निशाने पर लिया है। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए तंज कसा है कि भाजपा नसीबवाली उपलब्धि के होर्डिंग कब लगाएगी।
महंगाई को लेकर अखिलेश यादव ने एक ट्वीट करते हुए कहा, “भाजपाई महंगाई ने कीर्तिमान बनाया है। एलपीजी ने दुनिया भर में सबसे महंगी व पेट्रोल ने तीसरे सबसे महंगे बिकने का रिकॉर्ड बनाया है। भाजपा इस नसीबवाली उपलब्धि के होर्डिंग कब लगा रही है?” अखिलेश ने पीएम मोदी के एक पुराने बयान को लेकर भी चुटकी ली। दरअसल एक बार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई थी, जिसके बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतें सस्ती हो गई थीं। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा था कि विपक्ष कह रहा है कि मोदी नसीब वाला है। यदि मोदी के नसीब से देश की जनता की जेब में कुछ रुपये बचते हैं तो इससे अच्छा क्या होगा।
लोगों ने दी प्रतिक्रिया
अखिलेश यादव के इस ट्वीट पर कई यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ ने महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। कुछ यूजर्स ने लिखा कि भाजपा आने के बाद महंगाई शुरू हो गई है। वहीं, एक यूजर ने कहा कि मुसलमानों को ठिकाने लगाने के चक्कर में देश को ठिकाने लगा दिया। इसके अलावा, एक यूजर का कहना है कि लग गया देश ठिकाने। मोदी जी के चलते आज हम गुलामी की कगार पर हैं।
वहीं, एक और यूजर ने कहा कि कोई महंगाई नहीं है। लोगों ने खुद अपनी पसंद की सरकार को चुना है। खुद चुना है तो काहे की महंगाई और बेरोजगारी। मैं इस महंगाई का स्वागत करता हूं, हमारे मोदी जी जो करते हैं अच्छा करते हैं।