![]()
जयपुर
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। गहलोत ने कहाकि यह लोग केवल वोट पाने के लिए हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की बात करते हैं। गहलोत ने कहाकि जनता ने राजस्थान से 25 सांसदों को चुनकर लोकसभा में भेजा है। लेकिन कोई भी प्रदेश में ऊर्जा या कोयला संकट की बात नहीं उठा रहा। लोग अब पछता रहे हैं और आने वाले चुनाव में उन्हें सबक सिखाएंगे। गहलोत ने कहाकि भाजपा के लोगों को यह भ्रम नहीं रहना चाहिए कि पांच राज्यों में चुनाव जीतने के बाद उन्हें सबकुछ मिल गया है। लोकतंत्र में किसी को नहीं पता कि जनता कब अपना दिमाग बदल ले। उन्होंने कहाकि यह बात वो खुद के अनुभव से कह रहे हैं।
जब इंदिरा चुनाव हार गईं तो ये लोग क्या हैं
एक कार्यक्रम के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहाकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1974 में परमाणु परीक्षण किया, 1971 में बांग्लादेश को आजाद कराया था। इसके बावजूद उन्हें चुनाव हारना पड़ा तो फिर ये लोग क्या चीज हैं? गहलोत ने आगे कहाकि आज महंगाई चरम पर है और बेरोजगारी के चलते देश के युवा प्रदर्शन करने पर विवश हैं। वह भी इसे महसूस करेंगे कि भाजपा हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की बातें करके लोगों को बरगला रही है। उन्होंने कहाकि यह लोग शासन नहीं कर रहे हैं, बल्कि केवल वोट पाने के लिए हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की बातें कर रहे हैं। क्या हमारे देशवासी राष्ट्रवादी नहीं हैं? जब यह लोग एक्सपोज होंगे तो शॉक्ड रह जाएंगे।
लोग जानने लगे हैं उनकी कथनी-करनी में अंतर
तेल की बढ़ती कीमतों पर गहलोत ने कहाकि चुनाव से पहले 125 दिनों तक तेल की कीमतें नहीं बढ़ीं। लेकिन यह तय था कि जैसे ही चुनाव खत्म होंगे तेल की कीमतें बढ़ने लगेंगी। उन्होंने कहाकि अब लोग भी इस बात को समझने लगे हैं कि इनकी कथनी और करनी में कितना बड़ा अंतर है। मुख्यमंत्री ने पूर्वी राजस्थान नहर प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) पर भी बात की। यह 13 जिलों में पेयजल की समस्या दूर करने वाली योजना है। उन्होंने कहाकि मैंने विपक्षी सदस्यों से कहा है कि सरकार के ऊपर इसे नेशनल प्रोजेक्ट घोषित करने के लिए दबाव बनाया जाए। हम सभी को एक साथ प्रधानमंत्री से मिलना चाहिए। वह खुद चुनावी रैलियों के दौरान दो बार इस संबंध में घोषणा कर चुके हैं।
भाजपा विधायक बोले-जनता सबसे बड़ी प्राथमिकता
वहीं भाजपा विधायक और प्रवक्ता रामलाल शर्माने कहाकि भारतीय जनता पार्टी के लिए जनता सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सभी योजनाएं और कार्यक्रम इसके हिसाब से ही बनाए जाते हैं। हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के साथ-साथ भाजपा लोककल्याण के लिए भी काम कर रही है। रामलाल शर्मा ने कहाकि तेल के दामों में इजाफा अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बढ़ती तेल कीमतों की वजह से है। उन्होंने कहाकि सरकार ने तेल के बढ़ते दामों के बाद टैक्स में कटौती की थी और अगर जरूरत हुई तो वह फिर ऐसा करेगी।
