शुभमन गिल ने पकड़ा IPL का सबसे बेहतरीन कैच, आप भी देखकर हो जाएंगे हैरान

खेल

Loading

नई दिल्ली

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 15वें सीजन के चौथे मैच में शुभमन गिल ने ऐसा कैच पकड़ा, जो पूरे सीजन चर्चा का विषय रहेगा। यहां तक कि उसे अगर इस आईपीएल का सबसे अच्छा कैच कहा जाए तो इसमें कोई संदेह नहीं होगा, क्योंकि ये कैच इतना बेहतरीन था, जिसे हर कोई देखकर हैरान रह जाएगा। यहां तक कि इस मैच में कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना को कपिल देव का साल 1983 के विश्व कप में लिया गया विव रिचर्ड्स का कैच याद आ गया, क्योंकि शुभमन गिल ने भी कुछ इसी तरह कैच पकड़ा था।

दरअसल, लखनऊ सुपर जाएंट्स की पारी का चौथा ओवर प्रगति पर था। दो विकेट गिर चुके थे। एविन लुईस क्रीज पर थे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी वरुण एरोन के हाथ में थी। उन्होंने अपने कोटे के दूसरे और पारी के चौथे ओवर की तीसरी गेंद को फेंका तो इसे एविन लुईस ने छक्के के लिए भेजने की कोशिश की। हालांकि, गेंद को ऊंचाई मिली और दूरी नहीं मिली। वहीं, शुभमन गिल मिड-विकेट पर खड़े थे, लेकिन तीस गज के दायरे के अंदर थे और गेंद बाउंड्री की तरफ जा रही थी।

शुभमन गिल ने अपने पीछे भागते हुए शानदार कैच पकड़ा। उन्होंने डाइव भी लगाई, क्योंकि वे खुद को संभालना चाहते थे। इस कैच के लिए उनको 31-32 मीटर दौड़ना पड़ा, जो कि अपने आप में बड़ी बात है। शुभमन गिल ने 30 गज के दायरे से बाहर भागते हुए बाउंड्री के करीब कैच पकड़ा और लुईस को चलता किया। इस तरह शुभमन गिल ने दिखाया कि वे दमदार फील्डर हैं। वे अक्सर इस तरह के कैच पकड़ते नजर आते हैं।