नई दिल्ली
न्यूजीलैंड में 4 मार्च से शुरू हो रहे महिला वनडे वर्ल्ड कप (ICC Womens Cricket World Cup 2022) से पहले भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है। भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के सिर में खतरनाक बाउंसर लग गई और इस कारण उन्हें तुंरत मैदान छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। मंधाना के सिर पर यह खतरनाक बाउंसर रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान लगी। रंगियोरा में मैच के शुरू होने के बाद ही बाएं हाथ की बल्लेबाज मंधाना के हेलमेट पर तेजी से गेंद लगी जिसके कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा।
आईसीसी वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, मैच के शुरुआत में ही मंधाना शबनीम इस्माइल की बाउंसर से चोटिल हो गईं, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। मुकाबले में वे 12 रन ही बना पाईं। भारतीय टीम के चिकित्सकों ने 25 वर्षीय मंधाना की जांच की और शुरू में वह खेल जारी रखने के लिए फिट लग रही थीं लेकिन चिकित्सकों से दोबारा परामर्श करने पर वह एक ओवर बाद ‘रिटायर्ड हर्ट’ हो गईं।
मेडिकल टीम ने पाया कि उनमें शुरू में हल्की बेहोशी जैसे कोई लक्षण नहीं थे लेकिन एहतियात के तौर पर उन्होंने मैदान छोड़ दिया। दक्षिण अफ्रीकी पारी शुरू होने पर भी वह फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरी।
