नदियों में प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: राजस्थान सरकार को लगाई फटकार, अफसरों को भी चेताया; होगी कार्रवाई

राजस्थान

Loading

सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार को जोजरी, बांडी और लूनी नदियों के प्रदूषण पर ढिलाई बरतने के लिए फटकार लगाई है। अदालत ने अधिकारियों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर अवमानना की कार्रवाई की चेतावनी दी। बालोतरा में पेयजल संकट दूर करने के लिए नर्मदा नहर से करीब 100 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का सुझाव भी दिया। मामले में अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।

राजस्थान में जोजरी, बांडी और लूनी नदियों के प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने सरकार के रवैये को बेहद सुस्त बताया। शीर्ष अदालत ने कहा कि अधिकारी इस मामले में कुछ करना ही नहीं चाहते। अगर सरकार और उसके अधिकारी नहीं जागे तो अदालत को सख्त कदम उठाने पड़ेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने यहां तक चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर अधिकारियों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर अवमानना की कार्रवाई भी शुरू की जा सकती है।

 नई दिल्ली

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी। पीठ ने राजस्थान सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू से कहा कि वह सरकार को सलाह दें कि अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि जमीन पर उतरकर काम करें। अदालत ने साफ-साफ कहा कि वह लालफीताशाही और नौकरशाही की अड़चनों के कारण इस मामले को आगे नहीं बढ़ने देगी।

अब सख्त कदम उठाने होंगे: शीर्ष अदालत
सुनवाई के दौरान पीठ ने राज्य सरकार की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। शीर्ष अदालत ने कहा कि अधिकारियों को जगाने के लिए कुछ कठोर कदम उठाने पड़ सकते हैं। अगर उन्होंने समय रहते काम नहीं किया तो उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा। पीठ ने यह भी कहा कि इसका असर केवल संबंधित अधिकारियों पर नहीं, बल्कि पूरी सरकार पर पड़ेगा। अदालत ने कहा, ‘अगर सकारात्मक कार्रवाई और ठोस रूपरेखा सामने नहीं आई तो आपके अधिकारियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। यह केवल अधिकारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी सरकार पर इसका असर दिखेगा।’

क्या है मामला?
यह मामला जोजरी नदी में प्रदूषण से जुड़ा है। हालांकि, सुनवाई के दौरान कोर्ट ने बांडी और लूनी नदियों में फैल रहे प्रदूषण पर भी चिंता जताई। जोजरी नदी जोधपुर से होकर गुजरती है। बांडी नदी पाली से बहती है, जबकि लूनी नदी बालोतरा से होकर गुजरती है। बालोतरा शहर के पास बांडी और जोजरी नदियां लूनी नदी में मिल जाती हैं।

नए उद्योगों की अनुमति पर रोक, अवैध बजरी खनन की भी जांच
मामले में अदालत की मदद कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता बलबीर सिंह ने 26 अक्तूबर को दिए गए सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अदालत ने राज्य सरकार को नदी तंत्र के किनारे या आसपास नए औद्योगिक प्रतिष्ठान स्थापित करने की अनुमति देने से रोक दिया था। यह रोक तब तक जारी रहेगी, जब तक हाई फ्लड लाइन और बफर जोन का वैज्ञानिक तरीके से निर्धारण नहीं हो जाता।

बलबीर सिंह ने बताया कि अदालत के पिछले निर्देश के बाद राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इसे लूनी, जोजरी और बांडी नदियों के साथ उनकी सहायक नदियों को प्रभावित करने वाली संगठित अवैध बजरी खनन गतिविधियों की व्यापक जांच करनी है। उन्होंने अदालत को यह भी बताया कि स्थिति रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में कुछ प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं। राज्य सरकार की ओर से पेश कानून अधिकारी ने अदालत को अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी। हालांकि, पीठ सरकार के जवाब से संतुष्ट नहीं दिखी और उसने ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।

बालोतरा में पेयजल संकट पर भी सुप्रीम कोर्ट  ने जताई चिंता
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने बालोतरा में पीने के पानी की गंभीर कमी का मुद्दा भी उठाया। पीठ ने सवाल किया कि सरकार इस इलाके में रहने वाले लाखों लोगों तक पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन क्यों नहीं बिछा सकती? अदालत ने नर्मदा नहर से करीब 100 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का सुझाव दिया।

पीठ ने कहा कि अगर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह काम कर पाती हैं तो इससे उस क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अदालत ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 10 दिसंबर की तारीख तय की है। उस दिन आदेश पारित किया जा सकता है।

पहले भी गठित हो चुकी है उच्चस्तरीय समिति
सुप्रीम कोर्ट इस मामले में पहले भी कई निर्देश दे चुका है। पिछले साल नवंबर में अदालत ने प्रदूषण के मूल कारणों का पता लगाने और सुधार के उपायों की निगरानी के लिए उच्चस्तरीय इकोसिस्टम ओवरसाइट कमेटी गठित की थी। इस समिति को प्रदूषण रोकने के लिए जरूरी कदमों की निगरानी करने और नदियों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए दीर्घकालिक सुझाव देने की जिम्मेदारी दी गई थी।