![]()
पूर्व सीजेआई बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नियुक्तियों में एक समुदाय को तरजीह मिलने का आरोप लगाया है। पत्र में उन्होंने क्या-क्या कहा?
नई दिल्ली
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेजियम की हालिया सिफारिशों में केवल एक समुदाय को तरजीह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कॉलेजियम की कार्यप्रणाली अब सवालों के घेरे में है।
नियुक्तियों में किस वर्ग का कितना हिस्सा रहा?
न्यायमूर्ति गवई ने कहा कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच करीब 80 फीसदी नियुक्तियां अगड़े समुदायों से हुईं। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग को 14 फीसदी से भी कम हिस्सेदारी मिली।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पांच फीसदी से कम आबादी वाला एक समुदाय सुप्रीम कोर्ट की 40 फीसदी से अधिक सीटों पर काबिज है। उन्होंने इस स्थिति को ‘लगातार बढ़ती और अब माफ नहीं की जा सकने वाली स्थिति’ बताया।
न्यायाधीशों के तबादलों पर क्या कहा?
न्यायमूर्ति गवई ने न्यायाधीशों के तबादलों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, ‘छोटे उच्च न्यायालयों में भेजे गए मुख्य न्यायाधीशों को अब एक प्रमुख उच्च न्यायालय के लिए सिफारिश की जा रही है, जबकि योग्य मुख्य न्यायाधीश को रास्ता बनाने के लिए वहां से हटा दिया गया’।
फैसलों में अपनी भूमिका भी मानी?
न्यायमूर्ति गवई ने माना कि इन फैसलों के समय वह खुद भी कॉलेजियम का हिस्सा थे। उन्होंने कहा, ‘इस विफलता में हम सभी की कुछ न कुछ जिम्मेदारी है’। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे की वजह बताने से इनकार किया। उन्होंने इसके लिए उचित प्रक्रिया और मर्यादा का हवाला दिया।
कॉलेजियम की जवाबदेही पर क्या कहा?
न्यायमूर्ति गवई ने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में यह भी कहा कि कॉलेजियम को प्राथमिकता मिलने का मतलब यह नहीं है कि वह जवाबदेही से मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि इससे संविधान की रक्षा करने की अनुच्छेद 124(2) के तहत उसकी जिम्मेदारी भी खत्म नहीं होती।
