![]()
शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिवंगत राकांपा नेता अजित पवार की स्मृति का सम्मान किया जाना ”दुर्भाग्यपूर्ण” है, क्योंकि एक समय भाजपा ने ही 70,000 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाकर…
मुंबई
शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिवंगत राकांपा नेता अजित पवार की स्मृति का सम्मान किया जाना ”दुर्भाग्यपूर्ण” है, क्योंकि एक समय भाजपा ने ही 70,000 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाकर पवार को परेशान किया था। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने यहां पत्रकारों से कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि शाह पवार से माफी मांगेंगे और कहेंगे कि लगाए गए आरोप झूठे हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दो गुटों के विलय की चर्चा के बारे में पूछे जाने पर, ठाकरे ने कहा कि यह मामला दोनों दलों से जुड़ा है और वह अपनी राय तभी देंगे जब उनसे पूछी जाएगी। शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप), ठाकरे की सहयोगी है। ठाकरे ने कहा, ”यह (शाह द्वारा अजित पवार की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण ) दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि (भाजपा ने ही) 70,000 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप लगाकर अजित पवार का जीवन दूभर कर दिया था।”
सोमवार को पुणे में जिला परिषद कार्यालय में पवार की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद शाह ने जनवरी में एक विमान दुर्घटना में हुई उनकी मृत्यु को महाराष्ट्र के लिए एक ‘अपूरणीय क्षति’ बताया था और कहा था कि उनकी कार्यशैली भविष्य के नेताओं की पीढ़ियों के लिए एक ‘विश्वविद्यालय’ का काम करेगी। ठाकरे ने कहा, ”अगर उन्होंने (शाह ने) ये बातें तब कही होतीं जब अजित पवार जीवित थे, तो उन्हें खुशी होती।”
शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख ने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री को हिंसा प्रभावित मणिपुर जाना चाहिए, और अरुणाचल प्रदेश भी जाना चाहिए, जहां लोग सुरक्षा बलों के साथ मिलकर चीनी घुसपैठ के खिलाफ लड़ रहे हैं। ठाकरे ने कहा कि सुशासन और भाजपा, दोनों एक-दूसरे के विपरीत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश में सत्ता परिवर्तन के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है, क्योंकि फिलहाल सत्ता उन लोगों के हाथों में है जो सिर्फ बातें करते हैं।
ठाकरे ने कहा कि जब विपक्ष ने नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान ‘जेन-जी’ (युवाओं) के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री को घेरा, तो शाह आरोपों का जवाब देने के लिए संसद नहीं आए।
