IPL 2027: सनराइजर्स हैदराबाद में मतभेद, ईशान किशन की वजह से टीम छोड़ना चाहते हैं अभिषेक शर्मा, सामने आई ये बड़ी वजह

खेल

इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के रिटेंशन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद की टीम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा फ्रेंचाइजी से नाखुश हैं और आगामी से सीजन से पहले वह अलग होना चाहते हैं. कुछ टीमों के साथ उनकी बात भी चल रही है. इस पूरे मामले में ईशान किशन का भी नाम सामने आ रहा है.

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के रिटेंशन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद में उथल-पुथल की खबर आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टीम मैनेजमेंट से नाखुश हैं और वह फ्रेंचाइजी से अलग होना चाहते हैं. ऐसे में अगर अभिषेक शर्मा सनराइजर्स से अलग होते हैं तो उनके लिए कई टीमों के बीच होड़ मच जाएगी, जिसमें मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्रमुख है, जिसमें मेंटोर युवराज सिंह हैं.
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल के आगामी सीजन के लिए व्यस्त इंटरनेशनल कैलेंडर के कारण कप्तान पैट कमिंस अनुपलब्ध रह सकते हैं. ऐसे में ईशान किशन को फिर से टीम की कमान मिल सकती है. दूसरी तरफ ये माना जा रहा है कि अभिषेक शर्मा भी कप्तानी की दावेदारी ठोक रहे हैं, जिसके कारण फ्रेंचाइजी में मतभेद शुरू हुआ है.
अभिषेक शर्मा की कुछ टीमों से हुई है बातचीत
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि अभिषेक शर्मा की कई फ्रेंचाइजियों के साथ अनौपचारिक बातचीत हुई है, लेकिन अभी तक कुछ भी ठोस नतीजा नहीं निकला है. टीओआई के एक सूत्र ने बताया कि, “यह अब कोई रहस्य नहीं रह गया है कि ईशान किशन को कप्तानी मिलने के बाद से अभिषेक शर्मा सनराइजर्स से नाखुश हैं. वह लंबे समय से इस फ्रेंचाइजी के साथ हैं और उनकी भी कप्तानी को लेकर स्पष्ट महत्वाकांक्षाएं थीं. मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स को संभावित विकल्पों के तौर पर देखा जा रहा था. दिल्ली कैपिटल्स को भी खारिज नहीं किया सकता है, क्योंकि उनके मेंटर युवराज सिंह अब उस टीम सेटअप का हिस्सा हैं.”
पिछले सीजन से ही चल रहा है टीम में तनाव
रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि पिछले सीजन में किशन को कप्तानी सौंपने के फ्रेंचाइजी के फैसले के बाद से ही स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. सूत्र ने आगे कहा, “इस समय कप्तानी के ज्यादा मौके उपलब्ध नहीं हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स दो विकल्प हैं, लेकिन बाकी ज्यादातर टीमें तय नजर आ रही हैं. ऐसे में अगर सनराइजर्स और अभिषेक अलग होने पर सहमत हो भी जाते हैं, तो बड़ा सवाल यही रहेगा कि वह कहां जाएंगे? और अगर वे सहमत होते भी हैं तो सनराइजर्स का रुख क्या होगा? कोई कैश डील? या फिर खिलाड़ियों की अदला-बदली? इसके पीछे कई पहलू शामिल हैं.”