मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस गांव से करीब एक किलोमीटर पहले ही रुक गई, जिसके बाद 70 वर्षीय महिला का शव बैलगाड़ी से घर ले जाया गया…
शहडोल
मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस गांव से करीब एक किलोमीटर पहले ही रुक गई, जिसके बाद 70 वर्षीय महिला का शव बैलगाड़ी से घर ले जाया गया। घटना ब्यौहारी जिला पंचायत के अंतर्गत अखेतपुर ग्राम पंचायत में हुई। नागपुर में मौत के बाद श्याम कली पटेल का शव गांव लाया गया और एंबुलेंस के गांव तक नहीं पहुंच पाने पर परिजनों व ग्रामीणों ने शव को बैलगाड़ी पर रखकर करीब एक किलोमीटर की दूरी तय की। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित डाला टोला तक जाने के लिए मोटर योग्य सड़क नहीं है। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस गांव से करीब एक किलोमीटर पहले तक ही पहुंच सकी, जिसके बाद शव को बैलगाड़ी से घर ले जाया गया। जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

