बंगाल: ममता बोलीं- राजनीतिक ‘संन्यास’ नहीं लूंगी, BJP को हाशिए पर धकेलने तक नहीं रुकूंगी..
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा है कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा को हाशिए पर नहीं पहुंचा देतीं, तब तक वह नहीं रुकेंगी।
कोलकाता
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वह राजनीतिक ‘संन्यास’ नहीं लेंगी। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा को हाशिए पर नहीं धकेल देतीं, तब तक नहीं रुकेंगी। फेसबुक लाइव के दौरान ममता ने कहा कि सरकार बदलने के चार महीने के भीतर ही राज्य के लोगों को भाजपा का असली चेहरा समझ आ गया है।
महिलाओं के लिए ‘अन्नपूर्णा भंडार’ आर्थिक सहायता योजना के तहत फंड मिलने में कथित देरी को लेकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में महिलाओं के विरोध-प्रदर्शन के बीच ममता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार अयोग्यता का बहाना बनाकर लाभार्थियों की संख्या कम कर रही है।
जादवपुर यूनिवर्सिटी की झड़प पर भी बोलीं
जादवपुर यूनिवर्सिटी में एबीवीपी और वामपंथी छात्रों के बीच हुई झड़प के बीच ममता ने भाजपा पर कैंपस में तोड़फोड़ करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “वहां कुछ छात्रों के साथ हमारे मतभेद होने के बावजूद, हम उनका सम्मान करते हैं।”
वोटर लिस्ट के संशोधन पर आरोप
ममता ने वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (विशेष गहन संशोधन) को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में लाखों असली वोटरों के नाम गैर-कानूनी तरीके से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह इन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए फिर से सुप्रीम कोर्ट जाएंगी।
