होर्मुज बंद, अब खाड़ी के देशों को जमीन से पहुंच रहा सामान, आखिर कैसे?

World News

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिकी युद्धपोत USS हिगिंस में आग लगने से साजिश के शक गहरा गए हैं. चीन कनेक्शन की अटकलें तेज हुईं हैं. UAE ने ईरान, लेबनान और इराक के लिए ट्रैवल बैन लगाया. वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप पर हमला बोलते हुए सैनिक घटाने की बात कही, जिससे वैश्विक तनाव और बढ़ता दिख रहा है.

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अब एक नई खबर ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है. अमेरिका का शक्तिशाली युद्धपोत USS हिगिंस अचानक आग की चपेट में आ गया और इसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि ये हादसा था या कोई बड़ी साजिश. CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में तैनात USS हिगिंस में इसी हफ्ते आग लगी. ये जहाज अमेरिका की इंडो-पैसिफिक कमांड का हिस्सा है और एशियाई पानी में मौजूद था. हालांकि सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि अभी तक अमेरिका ने ये साफ नहीं किया कि आग लगी कैसे.

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इस आग से जहाज के बिजली सिस्टम और इंजन को भारी नुकसान पहुंचा है. लेकिन नुकसान कितना बड़ा है और जहाज को ठीक होने में कितना वक्त लगेगा, इस पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई. यही नहीं, इस घटना ने सोशल मीडिया पर साजिश के शक को और हवा दे दी. कुछ लोग इसे चीन से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि मिडिल ईस्ट में चल रही जंग का असर अब एशिया तक पहुंच गया है. शक इसलिए भी गहरा गया क्योंकि इसी महीने अमेरिका के दो और बड़े युद्धपोत USS ड्वाइट डी आइजनहावर और यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड में भी आग लगने की खबरें आई थीं. इस पूरे मामले पर पेंटागन ने भी साफ जवाब नहीं दिया. उसने कहा कि इंडोपैकोम ही इस पर ज्यादा जानकारी देगा, लेकिन अभी तक वहां से भी कोई बयान नहीं आया है. इससे रहस्य और गहरा गया है.

UAE ने लगाया नागरिकों पर लगाया यात्रा बैन

इसी बीच पश्चिम एशिया के हालात और बिगड़ते दिख रहे हैं. संयुक्त अरब अमीरात ने अपने नागरिकों के लिए ईरान, लेबनान और इराक की यात्रा पर रोक लगा दी है. विदेश मंत्रालय ने साफ कहा है कि जो लोग इन देशों में हैं, वो तुरंत वापस लौटें क्योंकि हालात तेजी से बदल रहे हैं.

नाटो देशों से सेना वापस बुलाना चाहते हैं ट्रंप

वहीं दूसरी तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप को लेकर नया विवाद खड़ा कर दिया है. ट्रंप ने साफ कहा कि वो स्पेन और इटली में तैनात अमेरिकी सैनिकों की संख्या कम करने पर विचार कर रहे हैं. उन्होंने यूरोपीय देशों पर आरोप लगाया कि उन्होंने ईरान युद्ध में अमेरिका का साथ नहीं दिया. ट्रंप ने जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज पर भी हमला बोला और कहा कि वो खराब काम कर रहे हैं. ट्रंप के इस बयान से साफ है कि अब ये टकराव सिर्फ मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अमेरिका और उसके सहयोगियों के बीच भी दरार बढ़ती जा रही है.
May 1, 202618:44 IST

Iran US Tension Live: होर्मुज पर कितने जहाज वापस लौटाए गए, क्या है ट्रैफिक के हालात?

ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव ने अब वैश्विक अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है, क्योंकि अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) की नाकेबंदी कर दी है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, गुरुवार तक करीब 44 कमर्शियल जहाजों को वापस लौटाया जा चुका है, जिसका मुख्य मकसद ईरान की तेल सप्लाई को पूरी तरह ठप करना है. इस नाकेबंदी से न सिर्फ ईरान की कमाई रुक गई है, बल्कि उसके सामने अब तेल स्टोरेज का भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है. उधर, ईरान ने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत को टालने का प्रस्ताव दिया है, जबकि राष्ट्रपति ट्रंप का दावा है कि इस युद्ध का सबसे बड़ा कारण ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना ही है. हालांकि ईरान अपने कार्यक्रम को हमेशा शांतिपूर्ण बताता रहा है, लेकिन 60% तक यूरेनियम संवर्धन ने पश्चिमी देशों की नींद उड़ा रखी है. इस बीच पाकिस्तान दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए मध्यस्थता की कोशिशों में जुटा है.

May 1, 202618:05 IST

Iran US Tension Live: रिपब्लिकन सांसदों ने ट्रंप के सामने किया सरेंडर

अमेरिका की राजनीति में इस वक्त एक बड़ा मोड़ आया है, जहां रिपब्लिकन सांसदों ने ईरान युद्ध को लेकर पूरी तरह से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने सरेंडर कर दिया है. 60 दिनों की कानूनी समय सीमा (डेडलाइन) खत्म होने के बावजूद, GOP नेताओं ने इस मामले में हस्तक्षेप न करने का फैसला किया है और सारा नियंत्रण व्हाइट हाउस के हाथों में ही रहने दिया है. 1973 के वॉर पावर्स रेजोल्यूशन के मुताबिक, कांग्रेस को 60 दिनों के भीतर युद्ध को मंजूरी देनी होती है, लेकिन सांसदों ने इस जरूरत को नजरअंदाज कर दिया. ताज्जुब की बात यह है कि सीनेट ने युद्ध रोकने की विपक्षी डेमोक्रेट्स की कोशिशों को छठी बार खारिज कर दिया और बिना किसी कार्रवाई के एक हफ्ते की छुट्टी पर चले गए, जिससे राष्ट्रपति ट्रंप को युद्ध जारी रखने की अघोषित छूट मिल गई है.

May 1, 202617:16 IST

Iran US Tension Live: ईरान की टॉप लीडरशिप में बवाल

ईरान की सत्ता के गलियारों से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका के साथ बातचीत को लेकर ईरान के शीर्ष नेतृत्व में बड़ी दरार पड़ती नजर आ रही है. खबर है कि ईरान के राष्ट्रपति और संसद अध्यक्ष एमबी गालीबाफ विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची को उनके पद से हटाने की तैयारी कर रहे हैं. आरोप बेहद गंभीर हैं- कहा जा रहा है कि अराघची ने परमाणु वार्ता के दौरान राष्ट्रपति कार्यालय को दरकिनार किया और सीधे रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के निर्देशों का पालन किया. ये आंतरिक टकराव एक ऐसे समय पर सामने आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अपने चरम पर है, जिससे तेहरान की कूटनीतिक एकता पर सवाल खड़े हो गए हैं.

May 1, 202616:38 IST

Iran US Tension Live: अमेरिका से बातचीत के रास्ते खुले – ईरान

ईरान के मुख्य न्यायाधीश गुलाम-हुसैन मोहसेनी-एजेई ने साफ कर दिया है कि तेहरान ने अमेरिका के साथ बातचीत के रास्ते कभी बंद नहीं किए हैं और वह आज भी कूटनीति के लिए तैयार है. सरकारी मीडिया से बात करते हुए उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान जंग नहीं चाहता, लेकिन अगर उसकी ‘गरिमा’ पर आंच आई तो वह करारा जवाब देने में सक्षम है. एजेई का कहना है कि कोई भी बातचीत तभी सफल हो सकती है जब वह ‘तर्क और विवेक’ पर आधारित हो, किसी भी तरह का दबाव या थोपी गई शर्तें ईरान को कतई मंजूर नहीं होंगी. ये बयान ईरान की उस दोहरी रणनीति को दिखाता है जहां वह एक तरफ कूटनीतिक खिड़की खुली रख रहा है, तो दूसरी तरफ सैन्य मजबूती का दम भी भर रहा है.

May 1, 202616:02 IST

Iran US Tension Live: ईरान ने बताया युद्ध में खर्च हुआ अमेरिका का कितना खजाना?

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि युद्ध में अमेरिका का खर्च $100 बिलियन के पार पहुंच गया है, जो कि पेंटागन द्वारा बताए गए आंकड़ों से कहीं ज्यादा है. अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि अमेरिकी प्रशासन युद्ध की असली कीमत को दुनिया और अपने नागरिकों से छिपा रहा है. उनका कहना है कि इस भारी-भरकम खर्च का सीधा असर अब अमेरिकी परिवारों की जेब पर पड़ रहा है, जिससे वहां की जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है. इसके अलावा, उन्होंने अमेरिका द्वारा इजरायल को दिए जा रहे समर्थन को भी इस बढ़ते बजट और तनाव की मुख्य वजह बताया है.

May 1, 202614:50 IST

Iran US Talks Live: ‘बातचीत से पीछे नहीं हटे’, ईरान का सख्त संदेश

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: ईरान के मुख्य न्यायाधीश गुलाम-हुसैन मोहसेनी-एजेई ने साफ कहा है कि तेहरान ने कभी भी अमेरिका के साथ बातचीत का रास्ता नहीं छोड़ा. उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन उससे डरता भी नहीं है और अगर सम्मान पर चोट हुई तो जवाब दिया जाएगा. एजेई ने जोर देकर कहा कि कूटनीति तर्क और संतुलन पर आधारित होती है, किसी दबाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ‘युद्ध अपराधियों’ से मुआवजा भी लिया जाएगा.

May 1, 202614:16 IST

Iran Israel Attack Live: लेबनान में इजरायली हमले, 2 की मौत

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: दक्षिणी लेबनान में इजरायल के हमले लगातार तेज हो रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक नबातियेह अल-फौका शहर पर हुए ताजा हमलों में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई और 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. इसके अलावा हरिस और अल-तैरी कस्बों में भी इजरायली एयरस्ट्राइक की खबर है, जबकि कफरशूबा, अल-मनसूरी, क़ौनीन और वादी अल-हुजैर में आर्टिलरी शेलिंग की गई.

May 1, 202613:10 IST

Iran Israel Conflict Live: लेबनान में ‘रफाह मॉडल’

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के बीच लेबनान में इजरायल की रणनीति पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. एक्सपर्ट्स का दावा है कि इजरायल दक्षिणी लेबनान में वही ‘रफाह मॉडल’ लागू कर रहा है, जो उसने गाजा में अपनाया था. इसके तहत बुनियादी ढांचे जैसे घर, अस्पताल और स्कूलों को निशाना बनाकर इलाके को खाली रखने की कोशिश की जा रही है. विश्लेषकों के मुताबिक इसका मकसद लोगों की वापसी रोकना और सुरक्षा के नाम पर स्थायी दबाव बनाना है.

May 1, 202612:42 IST

Iran War Live: ट्रंप के संकेत से तनाव बढ़ा

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: ईरान युद्ध के 63वें दिन हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच लगातार चेतावनियों का दौर जारी है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को ‘सैन्य कार्रवाई का विस्तार’ बताते हुए इसे असहनीय कहा है. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ी तो युद्ध दोबारा शुरू किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि मौजूदा बातचीत की जानकारी बहुत सीमित लोगों को ही है.

May 1, 202611:52 IST

Iran Trade Route Shift Live: होर्मुज बंद, अब जमीन से पहुंच रहा सामान

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी ने ग्लोबल व्यापार का रास्ता बदल दिया है. अब जहाजों की जगह सामान ट्रकों के जरिए जमीन के रास्ते भेजा जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक सऊदी अरब का जेद्दा पोर्ट नया हब बनकर उभरा है, जहां जहाज स्वेज नहर के जरिए पहुंच रहे हैं और वहां से माल ट्रकों से शारजाह, बहरीन और कुवैत जैसे देशों में भेजा जा रहा है. हालांकि अचानक बढ़े दबाव के कारण जेद्दा पोर्ट पर भारी भीड़ और देरी की स्थिति बन रही है. इसके अलावा ओमान, UAE और जॉर्डन के पोर्ट्स भी वैकल्पिक रास्तों के तौर पर इस्तेमाल हो रहे हैं.

May 1, 202611:18 IST

Iran Global Economy Live: सिंगापुर PM की चेतावनी, होर्मुज बंद तो मंदी का खतरा

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: होर्मुज स्ट्रेट लंबे समय तक बंद रहने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ रहा है. सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने चेतावनी दी है कि इस साल देश की आर्थिक ग्रोथ धीमी पड़ेगी और महंगाई बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि एशिया खास तौर पर प्रभावित होगा क्योंकि यहां ऊर्जा और जरूरी सप्लाई का बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आता है. वोंग के मुताबिक तेल से शुरू हुई महंगाई अब खाने-पीने और रोजमर्रा की चीजों तक पहुंचेगी, जिससे कई देशों में मंदी का खतरा बढ़ सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर होर्मुज खुल भी गया, तब भी हालात तुरंत सामान्य नहीं होंगे.

May 1, 202610:50 IST

Iran Blockade Mockery Live: कालिबाफ का तंज, कैसे घेरोगे ईरान?

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर कालिबाफ ने अमेरिका की नाकेबंदी रणनीति पर तंज कसते हुए कहा है कि इतने बड़े देश को घेरना आसान नहीं है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि अगर अमेरिका पूरे देश को घेरने की कोशिश करे तो भी ईरान की लंबी सीमाओं के सामने यह योजना कमजोर पड़ जाएगी. यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ईरान के तेल निर्यात को रोकने के लिए समुद्री नाकेबंदी को सख्त कर रहा है.

May 1, 202610:01 IST

Iran War Threat Live: ईरान की चेतावनी, US ने हमला किया तो मिलेगा दर्दनाक जवाब

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिका के संभावित नए हमलों की खबरों के बीच ईरान ने कड़ी चेतावनी दी है कि अगर US ने हमला दोबारा शुरू किया तो उसे ‘लंबे और दर्दनाक स्ट्राइक’ का सामना करना पड़ेगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक होर्मुज स्ट्रेट अभी भी बंद है, जिससे दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल-गैस सप्लाई प्रभावित हो रही है और कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नए सैन्य विकल्पों पर ब्रीफिंग दी गई है.

May 1, 202609:53 IST

Iran US Strike Option Live: क्या नए हमले का प्लान कर रहे ट्रंप?

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक CENTCOM कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर और जॉइंट चीफ्स चेयरमैन जनरल डैन केन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को करीब 45 मिनट तक नए सैन्य विकल्पों पर ब्रीफ किया. बताया जा रहा है कि इस ब्रीफिंग में ईरान पर ‘शॉर्ट और पावरफुल’ हमलों से लेकर रणनीतिक टारगेट्स पर कार्रवाई के प्लान शामिल हो सकते हैं. यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब बातचीत में गतिरोध बना हुआ है और अमेरिका दबाव बढ़ाने के लिए नए विकल्प तलाश रहा है.

May 1, 202609:35 IST

Iran China Strategy Live: चीन दौरे से पहले ट्रंप बना रहे रणनीति

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे को लेकर नई रणनीतिक हलचल सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक 14-15 मई को होने वाला चीन दौरा ट्रंप के लिए प्राथमिकता है और इसी को ध्यान में रखते हुए वह ईरान युद्ध को लेकर अपने विकल्प तय कर रहे हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार होर्मुज स्ट्रेट और ईरानी बंदरगाहों पर दोहरी नाकेबंदी इस हाई-स्टेक दौरे को और जटिल बना रही है. चीन ने युद्ध खत्म करने में भूमिका की बात कही है, लेकिन अमेरिका ने चीनी कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाए हैं.

May 1, 202608:49 IST

Iran US Navy Live: समंदर में अमेरिकी जहाजों को किया जा रहा लोड

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेना अपनी तैयारी और तेज कर रही है. CENTCOM के मुताबिक अमेरिकी नौसेना के जहाजों में फ्यूल, खाना, हथियार और जरूरी सप्लाई फिर से भरी जा रही है. तस्वीरों में USS Delbert D Black डेस्ट्रॉयर को सप्लाई लोड करते हुए दिखाया गया है, जो USS Abraham Lincoln कैरियर स्ट्राइक ग्रुप को सपोर्ट कर रहा है. यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब ईरान युद्ध पर अब तक करीब 25 अरब डॉलर खर्च हो चुके हैं.

May 1, 202608:24 IST

Iran Military Rebuild Live: सीजफायर में हथियार निकाल रहा ईरान, US रिपोर्ट

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिका के साथ सीजफायर के बीच ईरान को लेकर बड़ा दावा सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक तेहरान युद्ध के दौरान मलबे या जमीन के नीचे छिपाए गए मिसाइल और हथियारों को वापस निकालने में जुटा है. अमेरिकी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि ईरान तेजी से अपनी ड्रोन और मिसाइल क्षमता फिर से मजबूत करना चाहता है, ताकि जरूरत पड़ने पर मिडिल ईस्ट में दोबारा हमला कर सके. हालांकि इस दावे पर ईरान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. इससे पहले खबर आई थी कि ईरान अपने लॉन्चर अमेरिकी रेंज से दूर कर चुका है, जिस कारण US आर्मी ने डार्क ईगल मिसाइल मांगी है. यहां क्लिक करके पढ़ें पूरी खबर.

May 1, 202607:25 IST

Iran UK Tension Live: ब्रिटेन में हिंसा के आरोपों पर ईरान का इनकार

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: लंदन स्थित ईरानी दूतावास ने ब्रिटेन में हिंसक घटनाओं से जुड़े आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और इसे ‘फर्जी मीडिया माहौल’ बताया है. दूतावास ने कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान पर लगाए गए आरोपों के पीछे कोई ठोस सबूत नहीं है और ये संकीर्ण राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा लगते हैं. बयान में कहा गया कि ईरान खुद दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है और वह वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में आगे रहा है.

May 1, 202606:40 IST

Iran Oil Crisis Live: 7 साल बाद अमेरिका-वेनेजुएला सीधी फ्लाइट शुरू

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच 7 साल बाद सीधी कमर्शियल फ्लाइट शुरू हो गई है, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में बड़ा बदलाव दिख रहा है. मियामी से कराकस पहुंची American Airlines की पहली फ्लाइट में अमेरिकी अधिकारी और मीडिया टीम भी शामिल रही. रिपोर्ट के मुताबिक अब रोजाना फ्लाइट चलेगी और 21 मई से दूसरी फ्लाइट भी जोड़ी जाएगी. इस कदम को आर्थिक रिश्तों की नई शुरुआत माना जा रहा है, खासकर तेल और खनन सेक्टर में संभावित डील को लेकर हलचल तेज हो गई है.

May 1, 202606:36 IST

Iran War Live: ट्रंप ने इराक के नए पीएम उम्मीदवार को दी बधाई

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को इराक के प्रधानमंत्री पद के लिए नामित अली अल-जैदी को बधाई दी और कहा कि वह उनके साथ एक मजबूत और प्रोडक्टिव रिश्ते की उम्मीद करते हैं. शिया गठबंधन Coordination Framework ने सोमवार को जैदी को उम्मीदवार घोषित किया था. ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नई सरकार आतंकवाद से मुक्त होगी और इराक के लिए बेहतर भविष्य बनाएगी. फोन कॉल में दोनों नेताओं ने अमेरिका-इराक संबंध मजबूत करने और क्षेत्रीय स्थिरता पर भी चर्चा की. ट्रंप ने जैदी को सरकार गठन के बाद वॉशिंगटन आने का न्योता भी दिया.