‘महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने में UP सरकार पूरी तरह विफल’, गाजीपुर की घटना पर राहुल ने साधा निशाना

उत्तरप्रदेश

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गाजीपुर में नाबालिग लड़की के दुष्कर्म और हत्या मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोला और महिलाओं की सुरक्षा व न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे हाथरस, कठुआ और उन्नाव जैसी घटनाओं से जोड़ते हुए अपराधों का पैटर्न बताया।

नई दिल्ली

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में नाबालिग लड़की के दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

यह कोई संयोग नहीं, बल्कि एक पैटर्न है- राहुल

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद परिवार को एफआईआर दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकियां दी गईं और हिंसा का माहौल बनाया गया।

उन्होंने इस घटना को पहले हुई कई घटनाओं से जोड़ते हुए कहा, हाथरस, कठुआ, उन्नाव और अब गाजीपुर… यह कोई संयोग नहीं, बल्कि एक पैटर्न है। मणिपुर की बेटी भी न्याय का इंतजार करते हुए दम तोड़ गई।

 

हर बार अपराधियों को मिलता है संरक्षण

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हर बार पीड़िता दलित, पिछड़े, आदिवासी या गरीब परिवार से होती है। हर बार अपराधियों को संरक्षण मिलता है, जबकि पीड़ित परिवार को प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग हर बार चुप्पी साध लेते हैं, जबकि उन्हें जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस देश और राज्य में माता-पिता को अपनी बेटी के लिए एफआईआर दर्ज कराने तक के लिए गुहार लगानी पड़े, उस सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

 

राहुल गांधी ने क्या मांग की?

उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, उच्चस्तरीय जांच और तुरंत न्याय देने की मांग की। साथ ही पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए पूछा कि आपके शासन में बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं? राहुल गांधी ने अपने बयान के अंत में कहा कि ऐसे हालात में न्याय मांगा नहीं जाता, छीना जाता है, और हम न्याय लेकर रहेंगे।

प्रियंका ने भी साधा निशाना

वहीं प्रियंका गांधी ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर दिए जाने वाले बड़े-बड़े बयान केवल दिखावा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं में अक्सर पीड़िता को ही और प्रताड़ित किया जाता है।

प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा कि गाजीपुर में एक बच्ची की हत्या के मामले में पहले मुकदमा दर्ज करने में टालमटोल की गई, फिर पीड़ित परिवार को धमकियां दी गईं और प्रभावशाली लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। यह दिखाता है कि राज्य में महिलाओं पर अत्याचार चरम पर पहुंच चुका है।”

उन्होंने कहा कि जहां भी महिलाओं के साथ अन्याय हुआ, भाजपा ने अपनी पूरी ताकत पीड़ित के बजाय अत्याचारी के साथ खड़े होने में लगाई। देश की महिलाएं इस अंधेरे दौर को देख रही हैं।

पुलिस ने क्या बताया?

इधर पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आईपीएस अधिकारी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि 14 और 15 अप्रैल की रात कटेरिया गांव से एक बच्ची लापता हो गई थी। अगली सुबह करीब 5:30 बजे उसका शव गंगा नदी पुल के पास बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।