मनोरंजन

पहलगाम के दर्द को पर्दे पर उतारेंगे विवेक अग्निहोत्री, काले दिन पर बनेंगी फिल्में, इस सुपरस्टार पर लगाएंगे दांव!

22 अप्रैल 2025 का पहलगाम आतंकी हमला देश के लिए एक ऐसा जख्म बन गया, जिसे भुला पाना मुश्किल है. इस दर्दनाक घटना ने पूरे भारत को झकझोर दिया था और अब इसकी कहानी बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी. ‘पहल: ए नेशन यूनाइट्स’, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘दी टेरर रिपोर्ट’ जैसी फिल्में और सीरीज इस हमले और उसके जवाब में हुए ऑपरेशन पर आधारित हैं. विवेक अग्निहोत्री की फिल्म में वरुण धवन नजर आ सकते हैं. इन प्रोजेक्ट्स के जरिए न सिर्फ उस भयावह दिन को याद किया जाएगा, बल्कि देशभक्ति और एकजुटता का संदेश भी दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा.

 

नई दिल्ली. 
 आज का दिन देश के इतिहास में एक ऐसा दर्दनाक अध्याय बन चुका है, जिसे भुला पाना आसान नहीं है. 22 अप्रैल 2025 वही काला दिन था, जब कश्मीर की खूबसूरत वादियों में सुकून के पल बिताने आए 26 बेगुनाह सैलानियों को मौत के घाट उतार दिया गया था. पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों ने सैलानियों से उनका धर्म पूछकर उन्हें बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया था. आज पहलगाम हमले को एक साल बीत चुका है, लेकिन उन परिवारों का जख्म आज भी हरा है.

पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले ने पूरे देश को अंदर तक झकझोर दिया था. आम लोगों से लेकर बॉलीवुड सितारों तक, हर किसी ने इस अमानवीय घटना की कड़ी निंदा की और अपना आक्रोश जताया. अब इसी दर्दनाक घटना और इसके जवाब में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारियां जोरों पर हैं. कई फिल्में और वेब सीरीज इस विषय पर बनाई जा रही हैं, जिनका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है.

पहलगाम हमले पर बनेगी वेब सीरीज

‘पहल: ए नेशन यूनाइट्स’ नाम की एक वेब सीरीज  जल्द ही दर्शकों के सामने आएगी. इसकी घोषणा 15 अगस्त 2025 को की गई थी और इसका पहला टीजर भी रिलीज हो चुका है. यह सीरीज 7 मई 2025 को हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और उससे पहले हुए पहलगाम आतंकी हमले की कहानी को दर्शाएगी. टीजर में एक दमदार वॉइसओवर के जरिए इस घटना की पृष्ठभूमि को सामने रखा गया है, जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का काम करता है.

‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर मूवी बनाएंगे विवेक अग्निहोत्री

वहीं, निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से एक फिल्म बनाने का ऐलान किया है. इस फिल्म का पोस्टर सामने आते ही लोगों का ध्यान खींचने में सफल रहा था. यह फिल्म टी-सीरीज के सहयोग से बनाई जा रही है और खबरें हैं कि इसमें वरुण धवन मुख्य भूमिका निभा सकते हैं. हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ‘टाइनी’ ढिल्लों की किताब ‘ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान’ पर आधारित होगी.

इसके अलावा, एकता कपूर भी ‘दी टेरर रिपोर्ट’ नाम की फिल्म लेकर आ रही हैं, जो पहलगाम हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित है. इस फिल्म का टीज़र 26 मार्च को रिलीज किया गया था, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से लेकर हमले तक की झलक दिखाई गई है. हालांकि, इसकी रिलीज डेट को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे साफ है कि दर्शकों को इसके लिए थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.
इसी कड़ी में एक क्षेत्रीय फिल्म ‘इंडिया पाकिस्तान: द फाइनल रेज़ोल्यूशन’ भी बनाई जा रही है. यह फिल्म हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के रिश्तों और कश्मीर घाटी में रहने वाले लोगों के जीवन पर पड़े असर को दर्शाएगी. फिलहाल इस फिल्म की शूटिंग जारी है. कुछ हिस्से मुंबई में शूट हो चुके हैं, जबकि कश्मीर में बाकी शूटिंग अभी बाकी है.
कुल मिलाकर, पहलगाम हमले की ट्रेजेडी और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कहानी अब सिनेमा के जरिए दर्शकों तक पहुंचेगी, जो न सिर्फ एक घटना को याद दिलाएगी, बल्कि देशभक्ति और एकजुटता का संदेश भी देगी.