सभी आतंकी घटनाएं भाजपा सरकार में ही हुई : अजय राय

Breaking News

Loading

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए

लखनऊ

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जो आतंकी घटनाएं भारत में हुईं, जैसे एयर इंडिया के विमान का हाईजैक, पुलवामा हमला, पहलगाम घटना और संसद पर हमला, सभी भाजपा सरकार के दौरान हुए। अगर भाजपा इतनी सक्षम है, तो इन घटनाओं को क्यों नहीं रोका गया? इन लोगों ने अजहर मसूद को बिरयानी खिलाकर छोड़ दिया, जिसकी जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए। अजय राय ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भी सवाल उठाए और कहा कि जब पीओके को वापस लेने का मौका था, तो सरकार ने इसे क्यों रोका? डोनाल्ड ट्रंप के व्यापारिक दबाव में यह ऑपरेशन बंद कर दिया गया, जिसका जवाब पीएम मोदी को देना चाहिए। अगर सरकार सतर्क होती, तो पहलगाम जैसी घटना नहीं होती और आतंकवादी मंसूबे विफल हो जाते।

 

उन्होंने भाजपा पर समाज को बांटने का आरोप लगाया और कहा कि बनारस में दाल मंडी योजना और कांवड़ यात्रा के दौरान नेमकोड या क्यूआर कोड जैसे मुद्दों ने लोगों के बीच खाई बढ़ा दी है। सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए लोगों को बांट रही है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच की आलोचना की, जिसमें पानी और व्यापार बंद होने के बावजूद मैच होने का आरोप लगाया और दावा किया कि यह पैसों और सट्टे का खेल है, जिसमें अमित शाह के बेटे की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने मांग की कि इस मैच को तुरंत रद्द किया जाए। कांग्रेस नेता ने कहा कि सेना ने आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई कर देश की रक्षा की, जिसके लिए उन्हें सलाम करते हैं। उन्होंने महिलाओं के अपमान की निंदा की और कहा कि चाहे वह डिंपल यादव हों या कोई साधारण महिला। हर महिला का सम्मान जरूरी है।