IPL 2025: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2025 मैच के दौरान दर्शकों में मारपीट हुई. मैच में मुंबई ने दिल्ली को 12 रन से हराया.
- अरुण जेटली स्टेडियम में बेकाबू हालात
- दिल्ली और मुंबई के मैच में हुई मारपीट
- सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो का वायरल
नई दिल्ली: देश के दिल दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच हुए आईपीएल 2025 मैच के दौरान जमकर मारपीट हुई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दर्शकों को मैच के दौरान स्टैंड में लड़ते हुए देखा जा सकता है. अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि लड़ाई कैसे शुरू हुई.
जहां एक महिला प्रशंसक को साथी दर्शक पर हमला करते देखा जा सकता है, वहीं अन्य लोग सुरक्षाकर्मियों से हस्तक्षेप करने के लिए कह रहे थे. फिर सुरक्षा अधिकारी ने हस्तक्षेप कर लड़ाई को नियंत्रित किया, जिसमें कम से कम 10 लोग शामिल थे.
मुकाबले की बात करें तो अपना पहला मैच खेल रहे करूण नायर के 40 गेंद में 89 रन के बाद मध्यक्रम के चरमराने और आखिर में रन आउट की हैट्रिक के कारण दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल के मौजूदा सीजन में जीत का सिलसिला अपने ही गढ़ में टूट गया जब मुंबई इंडियंस ने उसे रविवार को 12 रन से मात दी.
पहले चारों मैच जीतकर इस सत्र में पहली बार अपने मैदान अरूण जेटली स्टेडियम पर खेल रही दिल्ली कैपिटल्स ने 206 रन के लक्ष्य के जवाब में एक समय 11वें ओवर में एक विकेट पर 119 रन बना लिए थे, लेकिन आखिरी नौ विकेट 53 गेंद और 74 रन के भीतर गंवा दिए. दिल्ली की टीम 19 ओवर में 193 रन पर आउट हो गई.
