पोरबंदर में सर्दियों के दौरान बुजुर्गों को जोड़ों के दर्द की समस्या आम है, जिसका मुख्य कारण रक्त संचार में कमी और पुरानी चोटें हैं, तो चलिए इसको लेकर विशेषज्ञ की सलाह जानते हैं…
पोरबंदर
सर्दियों में आम बीमारियां तो होती ही हैं, लेकिन इस मौसम में बुजुर्गों को हाथ, पैर और गर्दन के जोड़ों में दर्द की शिकायत ज्यादा होती है. यह दर्द अक्सर पुरानी चोटों के कारण होता है, जिससे ऑर्थोपेडिक डॉक्टरों और फिजियोथेरेपिस्ट के पास मरीजों की लाइन लग जाती है. सर्दियों में सबसे आम समस्या हाथ-पैर और जोड़ों के जकड़ने की होती है, जो बुजुर्गों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है.
जोड़ों के दर्द की मुख्य वजहें
लोकल 18 से बात करते हुए पोरबंदर के प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट सिद्धार्थ गोकाणी (Physiotherapist Siddharth Gokani) ने बताया कि उनके पास ज्यादातर ऐसे मरीज आते हैं जिन्हें हाथ-पैर और जोड़ों में दर्द की शिकायत होती है. सर्दियों में रक्त संचार (Blood Circulation) कम होने और सोते समय एक ही पोजिशन में रहने से हाथ-पैर में सूजन और दर्द की समस्या होती है. खासकर, जो लोग किसी दुर्घटना में घायल हो चुके हैं, उनमें सर्दियों के दौरान जोड़ों के दर्द की शिकायत ज्यादा देखी जाती है.
नियमित एक्सरसाइज से मिलेगा आराम
जिन मरीजों को सर्दियों में हाथ, पैर और जोड़ों में दर्द होता है, उन्हें नियमित रूप से एक्सरसाइज करनी चाहिए. इससे दर्द और जकड़न में राहत मिलती है. हालांकि, फिजियोथेरेपिस्ट की सलाह से की गई एक्सरसाइज ज्यादा फायदेमंद होती है.
पोरबंदर में ठंड का असर
पोरबंदर में इन दिनों तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है. ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित है. दूसरी ओर, बुजुर्ग और पुराने हादसों के घायल लोग हाथ-पैर और जोड़ों के दर्द से जूझते नजर आ रहे हैं.
ठंड में सेहत का ख्याल रखें
सर्दियों में यह माना जाता है कि अगर लोग नियमित एक्सरसाइज करें, तो उनकी सेहत पूरे साल ठीक रहती है. इस मौसम में लोग हरी सब्जियों का सेवन करते हैं, नियमित योग, प्राणायाम और एक्सरसाइज कर अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं.
