मनोरंजन

‘ये अभी तक की मेरी…’, नाना पाटेकर ने दिखाई ‘वनवास’ के नए पोस्टर की झलक, बताई टीजर रिलीज की तारीख

 कुछ दिनों पहले मशहूर फिल्ममेकर अनिल शर्मा ने ‘वनवास’ फिल्म का ऐलान किया था. मूवी में नाना पाटेकर और उत्कर्ष शर्मा नजर आएंगे. अब नाना पाटेकर ने ‘वनवास’ फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया है और बताया कि टीजर किस दिन रिलीज होगा.

नई दिल्ली.

नाना पाटेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री के बेहतरीन सितारों में से एक हैं. बहुत जल्द वह अपकमिंग फिल्म ‘वनवास’ में नजर आएंगे. यह पिता-बेटे के रिश्ते पर बनी फिल्म है, जो दिसंबर महीने में सिनेमाघरों में दस्तक देगी. मशहूर डायरेक्टर अनिल शर्मा के बेटे उत्कर्ष शर्मा भी ‘वनवास’ फिल्म का हिस्सा हैं. इस बीच नाना पाटेकर ने ‘वनवास’ को अपनी बेस्ट फिल्म बताया है. उन्होंने कहा कि फिल्म ‘वनवास’ में उनका सफर यादगार रहा है.

नाना पाटेकर ने अपने एक्स अकाउंट पर अपनी फिल्म ‘वनवास’ का एक पोस्टर शेयर किया है. इसमें वह घाट पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं. पोस्टर पर लिखा है ‘अपने ही देते हैं, अपनों को वनवास. नाना पाटेकर ने पोस्टर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘वनवास की पूरी जर्नी मेरे लिए बहुत यादगार रही है. ये आज तक की मेरी सबसे बेस्ट फिल्मों में से एक है.’

इस दिन रिलीज होगा फिल्म का टीजर
एक्टर ने कैप्शन में यह भी बताया किया कि ‘वनवास’ फिल्म का टीजर जल्द रिलीज होने वाला है. उन्होंने कहा, ‘बस दो दिन बाद 29 अक्टूबर को टीजर रिलीज होगा. नाना पाटेकर और उत्कर्ष शर्मा अभिनीत ‘वनवास’ को अनिल शर्मा ने न सिर्फ लिखा है, बल्कि उन्होंने इस फिल्म को प्रोड्यूस और डायरेक्ट भी किया है. ‘जी स्टूडियो’ के बैनर तले बनी फिल्म 20 दिसंबर, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

 

इसी महीने फिल्म का हुआ था ऐलान
अनिल शर्मा ने 12 अक्टूबर को ‘वनवास’ फिल्म का ऐलान किया था. ‘वनवास’ के बारे में बात करते हुए अनिल शर्मा ने कहा, ‘जहां बच्चे अपने माता-पिता को वनवास भेज देते हैं. कलयुग की रामायण, जहां अपने ही देते हैं अपनों को वनवास.’
हर पिता को पसंद आएगी फिल्म
इससे पहले अनिल शर्मा ने अगस्त में ‘वनवास’ के बारे में आईएएनएस से बात की थी. उन्होंने कहा था कि, ‘वानवस भावनाओं का गदर है. यह एक ऐसी कहानी है, जिसमें हमने यह दिखाने की कोशिश की है कि एक पिता सभी से ऊपर है. यह एक ऐसी फिल्म है, जिसे हर पिता देखेगा और फिर अपने बेटों को इसे देखने के लिए कहेगा.’