‘जेलर’ विलेन ने एयरपोर्ट पर मचाया हुड़दंग, बिना कपड़े-नशे में धुत्त एक्टर ने CISF जवान और पैसेंजर से की बदत्तमीजी

मनोरंजन

रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ में खलनायक का किरदार निभाने वाले विनायकन एक बार फिर सुर्खियों में छाए हुए हैं. हाल ही में एक्टर को हैदराबाद एयरपोर्ट से हुड़दंग मचाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह एयरपोर्ट पर को-पैसेंजर के साथ बदत्तमीजी करते दिख रहे हैं.

नई दिल्ली.

मलयालम एक्टर विनायकन को हैदराबाद के शमशाबाद एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है. रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ में खलनायक का किरदार निभाने वाले विनायकन को एयरपोर्ट पर नशे की हालत में हुड़दंग मचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. एक्टर कोच्चि से हैदराबाद के रास्ते गोवा जा रहे थे. उन्होंने नशे में धुत्त होकर को-पैसेंजर के साथ बदत्तमीजी की. लोगों की शिकायत पर सीआईएसएफ (CISF) जवान ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

एक्टर को बाद में एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया गया. पुलिस विनायकन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है. मलयालम एक्टर का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह एयरपोर्ट के फर्श पर बिना शर्ट के बैठे दिख रहे हैं. वो जमीन पर बैठकर जोर-जोर से चिल्ला रहे हैं और आस-पास से गुजरने वालों को तंग करते दिख रहे हैं.

 

पहले भी जेल जा चुका है एक्टर
इंडिया टुडे ने एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के सीआई बलराज के हवाले से कहा, ‘मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है.’ ये पहली बार नहीं है जब ये एक्टर गलत कारणों की वजह से सुर्खियों में छाए हुए हैं. अक्टूबर 2023 में मलयालम एक्टर विनायकन को केरल के पुलिस स्टेशन में हुड़दंग मचाने के लिए गिरफ्तार किया गया था.

वह केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चंडी की मौत पर अपनी असंवेदनशील टिप्पणियों के लिए भी चर्चा में रहे थे. उन्होंने 2022 में मीटू आंदोलन के बारे में चौंकाने वाली टिप्पणी करने के लिए भी सुर्खियां बटोरी थीं.