2017 के बाद से मीडिया, न्यायपालिका पर PMO का दबाव, बीजेपी के पूर्व सांसद बोले- कुछ तो करना होगा

BJP Subramanian Swamy: यह पहला मौका नहीं जब सुब्रमण्यम स्वामी ने मोदी सरकार या उसकी नीतियों पर हमला बोला है। इससे पहले वो पार्टी संगठन के पदाधिकारियों के चुनाव पर भी सवाल खड़े कर चुके हैं।
नई दिल्ली
Subramanian Swamy:भाजपा नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने अपने एक ट्वीट में मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में संविधान के चारों स्तंभों पर दबाव बना हुआ है। इसके लिए कुछ करना होगा। बता दें कि पूर्व सांसद स्वामी अक्सर अपने ट्वीट से मोदी सरकार पर निशाना साधते रहते हैं।
10 सितंबर को एक ट्वीट में सुब्रमण्यम स्वामी ने लिखा, “इसमें कोई शक नहीं कि 2017 से संविधान के चार स्तंभ लगातार दबाव में हैं। अंग्रेजी मीडिया जैसे अखबार और टीवी प्रधानमंत्री ऑफिस के अधिकारियों के दबाव में हैं। न्यायपालिका के लोग सरकार के कानून अधिकारियों के दबाव में हैं। बड़े स्तर पर दोहन हो रहा है। इस स्थिति में हमें जल्द ही कुछ करने की आवश्यकता है।”
बता दें कि सुब्रमण्यम स्वामी के अलावा विपक्ष भी कई मौकों पर आरोप लगा चुका है कि देश की मीडिया व केंद्रीय जांच एजेंसियां सरकार के दबाब में काम कर रही है। वहीं स्वामी ने कहा कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर सरकारी पहरा बना हुआ है। वे पीएमओ से आने वाले निर्देशों पर काम कर रहे हैं।
वैसे यह पहला मौका नहीं जब सुब्रमण्यम स्वामी ने मोदी सरकार या उसकी नीतियों पर हमला बोला है। इससे पहले वो पार्टी संगठन के पदाधिकारियों के चुनाव पर भी सवाल खड़े कर चुके हैं। दरअसल बीते 17 अगस्त को भाजपा ने अपने संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति का ऐलान किया। इसमें पार्टी ने मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को संसदीय बोर्ड की सूची से बाहर कर दिया है।