‘मोदी की गारंटी’ भाजपा के ये वादे सिर्फ चुनावी हथकंडे : ममता बनर्जी

Breaking News

Loading

 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने सभी वादों को पूरा किया है। बंगाल में सभी वर्गों के लोगों को राज्य की योजनाओं का अधिकार मिला है।

 

कोलकाता

लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। जैसे-जैसे चुनाव करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे सभी राजनीतिक दल एक दूसरे पर कटाक्ष कर रहे हैं। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने मोदी की गारंटी नारे पर हमला करते हुए कहा कि वे कुछ नहीं सिर्फ गुब्बारे हैं, जिन्हें मतदान से पहले फुलाया जाता है और आसमान में भेज दिया जाता है। लेकिन जैसे ही वोटिंग खत्म होती है तो वह गुब्बारे फट जाते हैं। उनका दावा है कि टीएमसी सरकार ने जो वादे किए, उन्हें पूरा भी किया। वहीं, केंद्र सरकार अपने ही वादों को भूल गई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के वादे सिर्फ चुनावी हथकंडे हैं। सीएम का कहना है कि बुधवार सुबह 10 बजे वे जनता के लिए कुछ महत्वपर्ण घोषणा करेंगी।  उन्होंने लोगों से घोषणाओं के लिए उनके फेसबुक पेज को फॉलो करने के लिए कहा है।

राज्य में जारी है 68 करीब जन कल्याणकारी योजनाएं
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने सभी वादों को पूरा किया है। बंगाल में सभी वर्गों के लोगों को राज्य की योजनाओं का अधिकार मिला है। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि क्या किसी को बेटी पढ़ाओ का फायदा मिला क्या। राज्य की महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना लक्ष्मीर भंडार के बारे में बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार इस योजना के तहत 25 से 30 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। अप्रैल से योजना के तहत 500 रुपये प्रति माह पाने वाले लाभार्थियों को 1,000 रुपये मिलेंगे। वहीं, 1,000 रुपये पाने वाले लाभार्थियों को 1,200 रुपये प्रति माह मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,000 रुपये से अधिक है। वहीं, उनकी सरकार गरीबों को मुफ्त चावल प्रदान कर रही है। राज्य में करीब 68 कल्याणकारी योजनाएं हैं, जो जन्म से मृत्यु तक लोगों को लाभ पहुंचा रही है।

यह धरती गद्दारों की नहीं है
बनर्जी ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी पर भी अप्रत्यक्ष तौर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मेदिनीपुर की धरती विद्यासागर की धरती है। यह धरती गद्दारों का सम्मान नहीं करती है। उन्होंने सीपीएम के खिलाफ भी हमला करते हुए कहा कि वामपंथी पार्टी के असामाजिक लोग अब भाजपा के साथ हैं।