महाराष्ट्र

‘कोई विवाद नहीं होना चाहिए सभी एकजुट हों, तभी होगा BJP से मुकाबला’…विपक्षी गठबंधन पर बोले नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को कहा कि अगर अधिक से अधिक विपक्षी दल एक साथ काम करते हैं और एकजुट होते हैं तो अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ मुकाबले में अच्छे परिणाम आएंगे।

नेशनल डेस्क:

 बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को कहा कि अगर अधिक से अधिक विपक्षी दल एक साथ काम करते हैं और एकजुट होते हैं तो अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ मुकाबले में अच्छे परिणाम आएंगे। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ मुंबई में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता उद्धव ठाकरे के आवास पर उनसे मुलाकात करने के बाद कुमार मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘जब सभी एक साथ लड़ेंगे तो मुकाबला (भाजपा के साथ) होगा।

(विपक्षी दलों को) अच्छी सफलता मिलेगी और देश सही दिशा में आगे बढ़ेगा।” कुमार ने कहा कि विपक्षी दल तय करेंगे कि उनकी अगली बैठक कब होगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य एक ही है… देश हित में काम करना।” कुमार ने कहा, ‘‘कोई विवाद नहीं होना चाहिए और सभी को एकजुट रहना चाहिए।” उद्धव ठाकरे के साथ उनकी इस मुलाकात को 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले विपक्षी एकता को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
जनता दल (यूनाइटेड) के नेता बाद में मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार से भी मुलाकात करेंगे। कुमार अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ मजबूत गठबंधन तैयार करने के लिए विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को भुवनेश्वर में ओडिशा के अपने समकक्ष नवीन पटनायक से मुलाकात की थी। कुमार पिछले साल भाजपा से गठबंधन तोड़ कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से बाहर आ गए थे।