राजस्थान : ACB Trap में फंसे IAS नन्नूमल पहाड़िया, RAS सांखला-एक दलाल भी चढ़ा हत्थे, 16 लाख डिमांड, 5 लाख की ले रहे थे रिश्वत

क्राइम

– एसीबी अलवर की बड़ी ट्रेप कार्रवाई – अलवर के पूर्व कलक्टर आईएएस नन्नूमल पहाड़िया ट्रेप – आरएएस अफसर अशोक सांखला और एक दलाल भी गिरफ्तार – 16 लाख डिमांड, 5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा – आरोपियों की आवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी

जयपुर।

राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर ब्यूरो की अलवर इकाई द्वारा आज अलवर के पूर्व जिला कलक्टर व वरिष्ठ आईएएस अफसर नन्नूमल पहाड़िया, और सैटलमेंट ऑफिसर कम राजस्व अपीलीय प्राधिकारी आरएएस अफसर अशोक सांखला को उनके दलाल नितिन शर्मा (प्राइवेट व्यक्ति) सहित परिवादी से 5 लाख रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की अलवर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी फर्म द्वारा करवाये जा रहे निर्माण कार्यों को निर्बाध रूप चलने देने की एवज में मासिक बंधी के रूप में नन्नूमल पहाड़िया आई.ए.एस. पूर्व जिला कलक्टर, अलवर तथा अशोक सांखला सेटलमेंट ऑफिसर कम राजस्व अपीलीय प्राधिकारी (आर.ए.एस.) द्वारा 16 लाख रुपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है।

इस शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के सुपरविजन में एसीबी अलवर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर उप अधीक्षक पुलिस महेन्द्र कुमार एवं उनकी टीम द्वारा ट्रेप कार्रवाई को अंजाम दिया।