अमृतसर आया विमान इटली से 179 यात्री लेकर उसमे से 125 निकले कोरोना पॉज़िटिव

World News

Loading

देश में कोरोनावायरस के मामलों की लगातार बढ़ती संख्‍या ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। गुरुवार को इटली से अमृतसर आई एक फ्लाइट के 125 यात्री कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। अमृतसर एयरपोर्ट के डायरेक्‍टर वीके सेठ ने बताया कि फ्लाइट के आने के बाद 160 यात्रियों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें से 125 पॉजिटिव पाए गए हैं।

वीके सेठ के मुताबिक, इसके अलावा विमान में सवार 19 यात्रियों में बच्चे और नवजात थे, जिनके सैंपल नहीं लिए गए। यह एयर इंडिया का विमान नहीं था।” जानकारी के मुताबिक, इटली के मिलान शहर से अमृतसर आई नॉन शेड्यूल्‍ड चार्टर फ्लाइट ने 179 यात्रियों के साथ उड़ान भरी थी, जो गुरुवार को अमृतसर पहुंची। अमृतसर एयरपोर्ट के डायरेक्‍टर ने बताया कि कुछ लोगों को यहीं पर क्वारंटाइन किया गया है, बाकि मरीज़ों को उनके ज़िलों में क्वारंटाइन किया जाएगा जिसके लिए टीम काम कर रही है।

देश में कोरोना के मामलों की संख्या में जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देशभर में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 90,928 नए मामले सामने आए। वहीं 19,206 लोगों की रिकवरी हुईं है और इस महामारी की वजह से एक दिन में 325 लोगों की मौत हुई। देश में कोरोना के कुल 3,51,09,286 मामले हो गए हैं। जिसमें सक्रिय मामले 2,85,401 हैं।
कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमिक्रोन भी देश में तेजी से पांव पसार रहा है। देश में ओमिक्रोन वेरिएंट की कुल संख्या 2,630 हो गई है। इसमें महाराष्ट्र में सबसे ज़्यादा 797 मामले हैं। जबकि, दिल्ली में ओमिक्रोन के 465 मामले सामने आए हैं। ओमिक्रोन के 2,630 मरीज़ों में से 995 मरीज़ रिकवर हो गए हैं।

इसके अलावा, राजस्थान में ओमिक्रोन के 236 मामले सामने आए हैं जबकि, केरल में 234 मामले सामने आए हैं। कर्नाटक में 226, गुजरात में 204 और तमिलनाडु में ओमिक्रोन के 121 मामले सामने आए हैं। इस बीच, दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों पर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि देश की राजधानी होते हुए दिल्ली ने सबसे पहले सबसे ज़्यादा प्रतिबंध लगा दिए हैं, ऐसा लगता नहीं है कि अभी लॉकडाउन की जरूरत है।