ओवैसी ने मोदी सरकार पर हमला बोला कहा क्यों अजय मिश्रा टेनी को कैबिनेट से नहीं हटा रहे

देश

Loading

लखीमपुर खीरी कांड में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा का सस्पेंशन और गिरफ्तारी की मांग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को संसद में विपक्ष के हंगामे के बाद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मोदी सरकार पर हमला बोला। कहा कि वे जानते हैं कि मोदी सरकार अजय मिश्रा को कैबिनेट से क्यों नहीं हटा रही।

बुधवार को एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदद्दीन ओवैसी ने कहा कि पहले दिन से ही हम कह रहे हैं कि लखीमपुर खीरी एक पूर्व नियोजित हत्या है। मोदी सरकार को अजय मिश्रा को निलंबित करना चाहिए।

ओवैसी ने कहा, “मुझे पूरा यकीन है कि पीएम उन्हें निलंबित नहीं करेंगे क्योंकि उन्हें आगामी यूपी चुनावों में उस मंत्री के उच्च जाति के वोट चाहिए।”

गौरतलब है कि लखीमपुर कांड में बेटे आशीष मिश्रा को लेकर सवाल पूछने पर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा पत्रकारों पर ही भड़क गए और उन्हें गालियां तक दे डालीं। मौके पर मौजूद एक टीवी पत्रकार के हाथों से उन्होंने माइक झपट लिया और फोन बंद करने के लिए कहा। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में एक बेकसूर व्यक्ति को फंसाया गया है।