तोड़ा वसीम अकरम का बड़ा रिकॉर्ड,अश्विन ने रचा इतिहास :IND vs NZ

खेल

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच का तीसरा दिन समाप्त हो गया है जिसमें दूसरे दिन पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने अपने गेंदबाजों के दम पर तीसरे दिन वापसी की और दिन का खेल खत्म होने तक 63 रनों की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पहली पारी में 346 रन बना डाले। जवाब में दूसरा दिन पूरी तरह से कीवी टीम के नाम रहा और उसने बिना कोई विकेट खोये 129 रनों की साझेदारी की। तीसरे दिन का खेल जब शुरू हुआ तो भारतीय टीम फिर एक बार विकेट से महरूम नजर आ रही थी लेकिन भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने विल यंग (89) को अपने जाल में फंसाकर न सिर्फ साझेदारी को तोड़ा बल्कि अपनी टीम को मैच में वापस लाने की नींव भी रखी।

रविचंद्रन अश्विन ने विकेटीपिंग कर रहे श्रीकर भरत के हाथों विल यंग को कैच कराकर भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाई। इस विकेट के साथ ही आर अश्विन ने कानपुर के मैदान पर इतिहास रच दिया और टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में एक पायदान ऊपर पहुंच गये हैं। अश्विन ने कानपुर में खेले जा रहे इस मैच में 3 विकेट अपने नाम किये।

हरभजन से 2 विकेट दूर, अकरम को छोड़ा पीछे इसके साथ ही अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में वसीम अकरम को भी पीछे छोड़ दिया है जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में 414 विकेट हासिल किये थे।