जम्मू और कश्मीर के शोपियां जिले के तुलरान, इमामसाहिब इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबल मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों को इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाकर आतंकियों को घेर लिया गया। इससे पहले आज एक अन्य मुठभेड़ में सेना के जेसीओ समेत 5 जवान शहीद हो गए।
जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि, आज शाम शोपियां में दो ऑपरेशन शुरू किए गए हैं। तुलरान में 3-4 आतंकी फंसे हैं। खेरीपुरा में एक और ऑपरेशन लॉन्च किया गया है। शोपियां जिले के तुलरान इमामसाहब इलाके में दो-तीन आतंकियों के छिपे होने की खबर सुरक्षाबलों को मिली थी। इसके बाद यहां पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पूरे इलाके को खाली करवा लिया गया है। सुरक्षाबलों की घेराबंदी देखकर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सेना की ओर भी जवाबी फायरिंग की जा रही है।
हाल के दिनों में आतंकवादी हमलों में आई है तेजी
हाल के दिनों में आतंकवादी हमलों में तेजी आई है और ऐसे हमलों में एक प्रमुख कश्मीरी पंडित व्यवसायी और एक स्कूल शिक्षक सहित कई असैनिक मारे गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के नियंत्रण रेखा पार कर चमरेर के जंगल में छुपे होने की खबर मिली थी। उन्होंने कहा कि शुरूआती मुठभेड़ के बाद आतंकवादी पास के भंगाई गांव में भाग गए जो राजौरी जिले के तहत आता है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के सफाए के लिए मुठभेड़ जारी और आतंकवादियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद कर दिया गया है।

पिछले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच ये चौथी मुठभेड़ है। इमामसाहिब इलाके में पुलिस ने आतंकवादियों से सरेंडर करने की अपील की है। पुलिस ने आकतंकियों से कहा कि, आज ही पुंछ जिले में पांच सुरक्षा कर्मी शहीद हुए हैं। सुरक्षाबलों में इस घटना को लेकर गुस्सा है। मगर वे आतंकियों को सरेंडर करने का पूरा मौका देना चाहते हैं।
