नई दिल्ली
चौथे टेस्ट मैच के आखिरी दिन जीत दांव पर लगी हुई है। भारतीय गेंदबाज जहां एक तरफ विकेट चटकाने के लिए पूरा जोर लग रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इंग्लिश बल्लेबाज क्रीज पर सेट होने की कोशिश में जुटे हुए हैं। रोरी बर्न्स की अर्धशतकीय पारी का अंत शार्दुल ठाकुर ने किया, लेकिन हसीब हमीद भारतीय गेंदबाजों के सामने चट्टान की तरह खड़े हुए हैं। रविंद्र जडेजा ने हमीद को आउट करने का एक शानदार चांस भी बनाया, लेकिन मोहम्मद सिराज उस कैच को अपने हाथों में थाम नहीं सके। सिराज द्वारा टपकाया यह कैच ओवल टेस्ट की बाजी को पलट सकता है और उनकी यह गलती इंग्लैंड की जीत की वजह भी बन सकती है।
दरअसल, इंग्लैंड पारी के 47वें ओवर में रविंद्र जडेजा की गेंद पर हसीब हमीद ने हवा में शॉट खेला और गेंद सीधे मोहम्मद सिराज के हाथों में गई, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाज उस कैच को हाथ में पकड़े नहीं रख सका और बॉल छिटककर नीचे गिर गई। सोशल मीडिया पर फैन्स सिराज को कैच टपकाने के लिए जमकर ट्रोल कर रहे हैं। कुछ फैन के मुताबिक सिराज ने कैच नहीं, बल्कि मैच गंवाने वाला काम किया है। सिराज कैच छोड़ने के बाद खुद काफी निराश नजर आए। हालांकि, उनकी यह गलती टीम इंडिया को ओवल टेस्ट में कितना भारी पड़ेगा यह तो वक्त ही बताएगा।
पांचवें दिन की शुरुआत इंग्लैंड के लिए शानदार रही और रोरी बर्न्स और हसीब हमीद ने संभलकर बैटिंग करते हुए टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। बर्न्स अपनी फिफ्टी पूरी करने के बाद शार्दुल ठाकुर की गेंद पर ऋषभ पंत को कैच देकर पवेलियन लौटे। इसके बाद डेविड मलान तालमेल में हुई गड़बड़ के चलते अपना विकेट गंवा बैठे। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है और ओवल टेस्ट को जीतने वाली टीम सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त के साथ मैनचेस्टर जाएगी।
इस आर्टिकल को शेयर करें




