डब्ल्यूटीसी का खिताब जीतने पर न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने की कीवी टीम की जमकर तारीफ, कहा- देश को गर्व महसूस कराया

खेल

नई दिल्ली

न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पहले खिताब पर कब्जा किया। बारिश से प्रभावित फाइनल मुकाबले में कीवी टीम ने शानदार क्रिकेट खेली और भारत को घुटने टेकने पर मजबूर किया। डब्ल्यूटीसी का पहला खिताब जीतने पर न्यूजीलैंड को दुनिया के हर कोने से बधाईयां मिल रही हैं और हर कोई विलियमसन की अगुवाई वाली इस टीम की प्रशंसा कर रहा है। इसी बीच, न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डने ने भी कीवी टीम की तारीफों के पुल बांधे हैं। उन्होंने कहा कि केन विलियमसन की टीम ने देश को गर्व महसूस कराया है।

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की तारीफ करते हुए कहा, ‘ब्लैककैप्स ने न्यूजीलैंड को गर्व महसूस कराया है। यह एक मास्टारक्लास प्रदर्शन था उस टीम का जो अपने गेम में टॉप पर है और विश्व में भी सबसे ऊपर है। केन विलियमसन और टीम लीडर्स ने एक शानदार और विनम्र स्कवाड तैयार किया, जो कि कई न्यूजीलैंड के लोगों के लिए प्रेरणा हैं। पिछले कई सालों में अब जाकर हमने एक टीम और टीम कल्चर में डेवलपमेंट देखा है जिसने न्यूजीलैंड क्रिकेट को नई ऊचाइंयों पर पहुंचाया है। यह जीत उसी काम का नतीजा है। हमको टीम के आने का इतंजार है ताकि हम उनकी इस सफलता का सेलिब्रेट कर सकें।’

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की जीत पर कई पूर्व दिग्गज खिलाडियों ने भी खुशी जताई और उनको डब्ल्यूटीसी का असली हकदार बताया। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने चौथी पारी में 139 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसको कीवी टीम ने महज 2 विकेट खोकर हासिल किया। टीम के कप्तान केन विलियमयन और अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 96 रनों की नाबाद पार्टनरशिप करके टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। विलियमसन 52 और टेलर 47 रन बनाकर नॉटआउट रहे। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के आगे भारतीय बल्लेबाजों की एक नहीं चली और दूसरी इनिंग में टीम इंडिया महज 170 रनों पर ऑलआउट हुई। कीवी टीम की ओर से टिम साउदी ने चार, ट्रेंट बोल्ट ने तीन और काइल जेमीसन ने दो विकेट झटके।