IPL 2021: स्थगित हो सकता है आज केकेआर और आरसीबी के बीच खेला जाने वाला मैच

खेल

Loading

नई दिल्ली

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन में आज कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बीच मैच खेला जाना है। क्रिकबज की खबर के मुताबिक यह मैच स्थगित किया जा सकता है। मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। ऐसा माना जा रहा है कि केकेआर के कैंप में कोविड-19 से जुड़ी दिक्कतों की वजह से इस मैच को स्थगित किया जा सकता है। वहीं क्रिकइंफो की खबर के मुताबिक इस मैच को रिशेड्यूल कर दिया गया है।

आईपीएल का आयोजन बायो सिक्योर एन्वॉयरमेंट में हो रहा है। अभी तक आईपीएल के 29 मैच खेले जा चुके हैं और किसी भी मैच के आयोजन में किसी तरह का विघ्न नहीं आया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) या आईपीएल की ओर से इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। खबरों की माने तो आज दोपहर तक इसकी आधिकारिक घोषणा होगी और साथ ही बताया जाएगा कि किस तारीख को यह मैच खेला जाएगा। आरसीबी सात मैच खेल चुका है और पांच जीत के साथ प्वॉइंट टेबल में तीसरे पायदान पर है। वहीं केकेआर की बात करें तो सात मैचों में उसके खाते में महज दो जीत हैं और यह टीम प्वॉइंट टेबल में सातवें पायदान पर है।