कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर चिदंबरम का केंद्र पर तंज, कहा- सरकार पूरी तरह विफल

Breaking News

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण की यही गति रही तो इस लड़ाई में वायरस की जीत हो जाएगी। पूर्व गृह मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे यह साझा करते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि भारत ने कोविड-19 टीकों की 5.9 करोड़ खुराक निर्यात की है।

साथ ही, मैं निराश हूं कि हमने भारतीय नागरिकों को केवल 3 करोड़ खुराक ही अब तक दी है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देशवासियों के टीकाकरण को विस्तार देने में बुरी तरह विफल रही है।

चिदंबरम ने कहा, ‘‘क्या इस बात पर किसी को आश्चर्य है कि संक्रमण की दर हर दिन तेजी से बढ़ रही है? इस दर से वायरस और टीकाकरण के बीच की दौड़ वायरस द्वारा जीती जाएगी।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘सरकार को मांग पर टीकाकरण की अनुमति देनी चाहिए और पूर्व-पंजीकरण सहित नौकरशाही से जुड़ी बाधाओं से छुटकारा पाना चाहिए।’’