रूस-यूक्रेन युद्ध होगा खत्म? पुतिन के दरवाजे पर ट्रंप के दूत, जेलेंस्की ने हमला न करने का किया ऐलान

World News

रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने की कोशिश फिर तेज हो गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शनिवार को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे. इसके बाद रविवार को दोनों कीव जाकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बातचीत करेंगे.

रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने की अमेरिकी कोशिश एक बार फिर तेज हो गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दो खास दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर को रूस और यूक्रेन भेजने का फैसला किया है. दोनों शनिवार को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे और इसके बाद रविवार को कीव पहुंचकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बातचीत करेंगे. करीब साढ़े चार साल से चल रहे युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका अब दोनों पक्षों के साथ सीधे बातचीत आगे बढ़ा रहा है.

पहले पुतिन से होगी मुलाकात

रिपोर्ट के मुताबिक, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शनिवार को मॉस्को पहुंचेंगे. वहां दोनों की पुतिन के साथ बातचीत होगी. इसके अगले दिन वे कीव जाएंगे. दोनों पिछले कुछ महीनों से ट्रंप की ओर से रूस और यूक्रेन के बीच समझौता कराने की कोशिश में लगे हैं. वे कई बार रूस जा चुके हैं. हालांकि यूक्रेन का यह उनका पहला दौरा होगा. जेलेंस्की ने भी गुरुवार को कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधियों के दौरे की शुरुआती तारीखें तय हो गई हैं और वे आने वाले दिनों में कीव पहुंचेंगे. रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने भी बताया है कि दोनों अमेरिकी दूत 5 और 6 सितंबर को मॉस्को और फिर कीव पहुंच सकते हैं.

जेलेंस्की भी चाहते हैं लड़ाई रुके

यूक्रेन की ओर से भी बातचीत को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं. जेलेंस्की ने रूस से अस्थायी तौर पर हवाई हमले रोकने की अपील की है. उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान यूक्रेन की तरफ से कोई हवाई हमला नहीं होगा और रूस को भी ऐसा ही करना चाहिए. इससे अमेरिकी दूतों की यात्रा और उनके साथ होने वाली बातचीत सुरक्षित तरीके से हो सकेगी. जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन इस समय युद्ध खत्म करने के लिए वास्तविक विकल्प तलाश रहा है. उन्होंने यह भी साफ किया कि अमेरिकी प्रतिनिधियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है.

पुतिन ने भी दिखाई समझौते की गुंजाइश

रूस की तरफ से भी शांति समझौते को लेकर एक संकेत सामने आया है. पुतिन ने गुरुवार को कहा कि युद्ध खत्म करने वाले समझौते की ‘संभावनाएं’ मौजूद हैं. एक अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मंच पर उन्होंने कहा कि सबसे पहले मॉस्को और कीव को आपस में सहमति बनानी होगी. हालांकि पुतिन ने रूस की मुख्य मांगों में किसी बड़े बदलाव का संकेत नहीं दिया. रूस यूक्रेन से उसकी जमीनों समेत कई मांगें कर रहा है. यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगी रूस की इन शर्तों को खारिज करते रहे हैं. उनका कहना है कि ऐसी शर्तें स्वीकार करना यूक्रेन के आत्मसमर्पण जैसा होगा.