World News

‘दुनिया के किसी कोने में सेफ नहीं रह पाओगे’, US-इजरायली अधिकारियों को ईरान की धमकी

ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच अमेरिकी F-35 फाइटर जेट को संदिग्ध ईरानी हमले के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने आधी रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तेल ठिकानों पर हमले रोकने की बात कही. वहीं ईरान में कई लोगों को फांसी दी गई है.

 

तेहरान
ईरान-अमेरिका युद्ध को 21 दिन हो गए हैं. इस बीच बड़ा सैन्य घटनाक्रम सामने आया है. अमेरिका का सबसे एडवांस स्टील्थ फाइटर जेट F-35 संदिग्ध रूप से ईरानी हमले की चपेट में आ गया, जिसके बाद उसे मिडिल ईस्ट के एक एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने बताया कि यह फाइटर जेट ईरान के ऊपर कॉम्बैट मिशन पर था, तभी उसे नुकसान पहुंचा. हालांकि पायलट सुरक्षित है और घटना की जांच जारी है. अगर यह पुष्टि होती है, तो यह इस युद्ध में पहली बार होगा जब ईरान ने अमेरिकी लड़ाकू विमान को सीधा नुकसान पहुंचाया है. इससे पहले भी अमेरिका को नुकसान हुआ है, लेकिन अलग तरीके से. तीन F-15 लड़ाकू विमान गलती से कुवैत की एयर डिफेंस की ओर से मार गिराए गए थे, जबकि हाल ही में एक KC-135 रिफ्यूलिंग विमान इराक में क्रैश हो गया, जिसमें सभी 6 सैनिकों की मौत हो गई थी. वहीं दूसरी तरफ स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने इस युद्ध को ‘गैरकानूनी’ बताते हुए कड़ी आलोचना की है और कहा है कि इस संघर्ष का कोई ठोस कारण नहीं है, लेकिन इससे भारी तबाही हो रही है.

नेतन्याहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस से दिया जिंदा होने का सबूत

इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय समय के मुताबिक आधी रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई बड़े खुलासे किए. सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाहों के बीच उन्होंने सामने आकर कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं. नेतन्याहू ने यह भी बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल से कहा है कि वह फिलहाल ईरान के तेल और गैस ठिकानों पर आगे हमला न करे और इजरायल इस बात का पालन कर रहा है. उन्होंने यह भी माना कि साउथ पार्स गैस फील्ड से जुड़े एक प्रोसेसिंग प्लांट पर हमला इजरायल ने अकेले किया था, जो इस युद्ध में बड़ा एस्केलेशन माना जा रहा है.

ऊर्जा युद्ध ने बढ़ाई दुनिया की टेंशन

ईरान पर हमलों के जवाब में तेहरान ने खाड़ी देशों के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. कतर के रास लफ्फान गैस हब पर हमले के बाद भारी नुकसान हुआ, जिससे वैश्विक गैस संकट का खतरा बढ़ गया है. तेल और गैस के दाम तेजी से उछल रहे हैं और एक्सपर्ट्स चेतावनी दे रहे हैं कि अगर यही हाल रहा तो लंबा ऊर्जा संकट पैदा हो सकता है.

ईरान में फांसी दी गई

दूसरी ओर, ईरान ने देश के अंदर भी सख्ती बढ़ा दी है. सरकार ने विरोध प्रदर्शनों से जुड़े तीन लोगों को सार्वजनिक रूप से फांसी दे दी, जिसमें एक 19 साल का पहलवान भी शामिल था. मानवाधिकार संगठनों ने इन ट्रायल्स को ‘फर्जी’ बताया है और आरोप लगाया है कि जबरन कबूलनामे के आधार पर सजा दी गई.
19:16 IST

Iran War Live News: ईरानी नव वर्ष पर वलियासर स्क्वायर में लगा पोस्टर

ईरानी नव वर्ष और ईद अल-फितर से पहले, तेहरान के वलियासर स्क्वायर में लगी एक पोस्टर

  • पोस्टर मे एक तरफ लोग ईद की नमाज अदा कर रहे हैं
  • दूसरी तरफ मिनाब स्कूल के बच्चों के खून लगे बैग- युद्ध का विरोध दिखाया गया है
  • बीच में ईरानी नव वर्ष दिखाया गया है अली ख़ामेनेई की फोटो के साथ

March 20, 202618:57 IST

Iran War Live News: यूक्रेन ने 5 मिडिल ईस्ट देशों में तैनात की अपनी सेना

यूक्रेन ने मिडिल ईस्ट के पांच देशों- संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, कतर, कुवैत और जॉर्डन में अपनी विशेष सैन्य इकाइयां तैनात की हैं, ताकि ईरानी ड्रोन हमलों से इन देशों के महत्वपूर्ण और नागरिक बुनियादी ढांचे की रक्षा की जा सके. यूक्रेन की सुरक्षा परिषद के सचिव रुस्तम उमेरोव ने इस रणनीतिक तैनाती की पुष्टि करते हुए बताया कि ये टीमें विशेष रूप से ‘शाहेद’ जैसे घातक कामिकेज़ ड्रोनों को रोकने के लिए अपने युद्ध के अनुभवों और तकनीक का इस्तेमाल कर रही हैं. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी संकेत दिया है कि यूक्रेन की यह विशेषज्ञता खाड़ी देशों के लिए बेहद किफायती साबित हो रही है, क्योंकि जहां अमेरिका एक सस्ते ड्रोन को गिराने के लिए लाखों डॉलर की मिसाइलें खर्च कर रहा है, वहीं यूक्रेनी तकनीक इसे बहुत कम लागत में अंजाम दे रही है.

March 20, 202617:59 IST

Iran War Live News: दुनिया के किसी कोने में सुरक्षित नहीं अमेरिका और इजराइल के अधिकारी : ईरान

ईरानी सेना के प्रवक्ता ने दी अमेरिका और इजराइल के अधिकारियों को चेतावनी. कहा- दुनिया को कोई भी कोना अधिकारियों के लिए सुरक्षित नहीं, पर्यटक स्थल पर भी बनाएंगे निशाना.

March 20, 202617:25 IST

Iran War Live News: नेतन्याहू के बयान पर अराघची ने दिया जवाब

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा चंगेज खान की तारीफ करने पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘युद्ध अपराधी’ करार दिया है. दरअसल, गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेतन्याहू ने इतिहासकार विल डुरंट का हवाला देते हुए कहा था कि इतिहास में नैतिकता से ज्यादा ताकत की अहमियत रही है और ‘जीसस क्राइस्ट को चंगेज खान पर कोई बढ़त हासिल नहीं है’. इस बयान पर भड़कते हुए अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अमेरिका के ईसाइयों की सद्भावना पर निर्भर रहने वाले नेतन्याहू का ईसा मसीह के प्रति तिरस्कार और इस क्षेत्र के सबसे क्रूर हत्यारे चंगेज खान की तारीफ करना उनके ‘वॉन्टेड वॉर क्रिमिनल’ होने के दर्जे को बिल्कुल सही साबित करता है. अराघची ने तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति खुद को पश्चिमी सभ्यता का रक्षक बताता है, उसका ऐसे बर्बर आक्रमणकारी का महिमामंडन करना उसकी असली मानसिकता को दर्शाता है.

March 20, 202615:50 IST

Iran War Live News: ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की हत्या

अली लारीजानी के बाद अब ईरान को एक और बड़ा झटका लगा है क्योंकि इजरायली वायुसेना के एक सटीक सर्जिकल स्ट्राइक में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुख्य प्रवक्ता मोहम्मद नैनी की मौत हो गई है. लेबनान और सीरिया की सीमा के पास हुए इस जोरदार हमले ने तेहरान के सैन्य नेतृत्व की कमर तोड़ दी है, क्योंकि नैनी न केवल IRGC का चेहरा थे बल्कि ईरान के प्रोपेगेंडा और मनोवैज्ञानिक युद्ध के सबसे बड़े रणनीतिकार माने जाते थे.

March 20, 202614:28 IST

UK Base Warning Live: ईरान ने ब्रिटेन को चेताया, अमेरिकी ठिकानों का इस्तेमाल हुआ तो कार्रवाई होगी

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने ब्रिटेन को चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका को ब्रिटिश सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल करने दिया गया, तो इसे सीधे आक्रामक कार्रवाई में भागीदारी माना जाएगा. अराघची ने कहा कि अमेरिका और इजराइल ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया है और ईरान को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है. उन्होंने कहा कि ऐसे कदम दोनों देशों के रिश्तों पर असर डालेंगे.

March 20, 202613:58 IST

Iran Missile Capability Live: ईरान बोला- जंग के बीच भी मिसाइल बनाना जारी

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा है कि देश अब भी लगातार मिसाइल बना रहा है और उसकी क्षमता बरकरार है. IRGC के प्रवक्ता जनरल अली मोहम्मद नाएनी ने कहा कि युद्ध के हालात में भी मिसाइल उत्पादन जारी है और भंडारण को लेकर कोई समस्या नहीं है. यह बयान इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान अब बैलिस्टिक मिसाइल बनाने में सक्षम नहीं है.

March 20, 202613:24 IST

BRICS Middle East Statement Live: ईरान यूएई के मतभेद से ब्रिक्स में सहमति अटकी

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: पश्चिम एशिया के मुद्दे पर ब्रिक्स देशों के बीच अब तक कोई संयुक्त बयान नहीं आ पाया है. न्यूज 18 इंडिया को मिली जानकारी के मुताबिक इसका मुख्य कारण ईरान और यूएई के बीच अलग अलग रुख है.

  • मतभेद: ईरान अमेरिका और इजराइल की आलोचना चाहता है, जबकि यूएई ईरान के हमलों की निंदा की मांग कर रहा है.
  • भारत की भूमिका: भारत इस समय ब्रिक्स का अध्यक्ष है और सभी सदस्य देशों से लगातार बातचीत कर रहा है.
  • सहमति की कोशिश: भारत की तरफ से साझा बयान के लिए सर्वसम्मति बनाने की कोशिश जारी है.
  • कूटनीतिक दबाव: ईरान ने भारत से इस मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की है
    दोनों सदस्य देशों के विरोधी रुख की वजह से ब्रिक्स के भीतर सहमति बनाना फिलहाल मुश्किल बना हुआ है.
March 20, 202612:45 IST

Gulf Eid Prayer Restriction Live: युद्ध के बीच खाड़ी देशों में खुले में ईद नमाज पर रोक

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते कतर, कुवैत और यूएई समेत कई खाड़ी देशों ने इस बार ईद की नमाज खुले मैदानों में पढ़ने पर रोक लगा दी है. अधिकारियों ने कहा कि नमाज केवल मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाएगी. यह फैसला सुरक्षा के लिहाज से एहतियात के तौर पर लिया गया है, क्योंकि क्षेत्र में बढ़ते हमलों और तनाव के बीच बड़े सार्वजनिक जमावड़ों को जोखिम माना जा रहा है.

March 20, 202612:16 IST

Iran Supreme Leader Message Live: नवरोज पर मोजतबा खामेनेई के पहले संबोधन की उम्मीद

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: ईरान सरकार के सूत्रों के मुताबिक नवरोज के मौके पर नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई देश को संबोधित कर सकते हैं. यह उनका पहला संदेश होगा और मौजूदा युद्ध हालात के बीच इसे काफी अहम माना जा रहा है. बताया गया है कि यह संदेश वीडियो या लिखित रूप में आ सकता है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं है. सूत्रों ने यह भी कहा कि मोजतबा खामेनेई के घायल होने की खबरें अमेरिका और इजराइल की ओर से फैलाई गई हैं, जबकि ईरान की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

March 20, 202612:15 IST

US Iran Leaders Reward Live: ईरानी नेताओं पर अमेरिका ने 1 करोड़ डॉलर इनाम घोषित किया

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: ट्रंप प्रशासन ने 15 मार्च 2026 को ईरान के छह वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर 1 करोड़ अमेरिकी डॉलर के इनाम की घोषणा की है. सूची में शामिल दो नेताओं की हाल ही में हमलों में मौत हो चुकी है, लेकिन उन्हें भी सूची में रखा गया है.

  • नया नेतृत्व: अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद सैयद मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता चुना गया.
  • प्रमुख नाम: सैयद अली असगर हेजाजी, सैयद इस्माइल खतीब और अली लारीजानी जैसे बड़े चेहरे शामिल.
  • हमलों में मौत: इस्माइल खतीब और अली लारीजानी हाल के हमलों में मारे गए.
  • अन्य नेता: एस्कंदर मोमेनी और याह्या रहीम सफवी भी सूची में शामिल.
March 20, 202611:27 IST

Qatar LNG Impact Live: रास लफान नुकसान से गैस कीमतों पर बड़ा असर पड़ सकता है

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: ऊर्जा विशेषज्ञों के मुताबिक कतर के रास लाफान एलएनजी प्लांट पर हुए हमले का असर लंबे समय तक रह सकता है. रिपोर्ट के अनुसार इस तरह की सुविधाओं की मरम्मत में महीनों लग सकते हैं और खराब हालात में यह प्लांट 2026 तक पूरी तरह चालू नहीं हो पाएगा. इससे वैश्विक गैस सप्लाई पर बड़ा असर पड़ सकता है और एलएनजी कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल सकता है.

March 20, 202611:19 IST

Qatar Ras Laffan Damage Live: रास लफान पर हमले से कतर को 20 अरब डॉलर का झटका

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: कतर ने बताया है कि रास लफान औद्योगिक शहर पर मिसाइल हमलों से उसकी एलएनजी निर्यात क्षमता में 17 फीसदी की कमी आई है और सालाना करीब 20 अरब डॉलर का नुकसान होगा. ऊर्जा मंत्री साद शेरिदा अल काबी ने कहा कि उत्पादन सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचा है और मरम्मत में 3 से 5 साल तक लग सकते हैं.

  • उत्पादन असर: 12.8 मिलियन टन प्रति वर्ष एलएनजी क्षमता प्रभावित
  • मरम्मत समय: 3 से 5 साल तक लगने का अनुमान
  • वैश्विक असर: यूरोप और एशिया की गैस सप्लाई प्रभावितॉ
  • अतिरिक्त नुकसान: कंडेनसेट, एलपीजी, नेफ्था और हीलियम निर्यात पर भी असर

कतर ने कहा कि इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन यह वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और स्थिरता पर सीधा हमला है.

March 20, 202611:00 IST

Kuwait Refinery Drone Attack Live: कुवैत की रिफाइनरी पर ड्रोन हमला, कई यूनिट बंद

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: कुवैत की मीना अल अहमदी रिफाइनरी को सुबह हुए कई ड्रोन हमलों में निशाना बनाया गया. कुवैत न्यूज एजेंसी के मुताबिक कुछ यूनिट्स में आग लग गई और कई को बंद करना पड़ा है. हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. फायर और इमरजेंसी सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंच गईं.

March 20, 202610:51 IST

US UAE Arms Deal Live: अमेरिका ने यूएई को 7 अरब डॉलर के हथियारों की मंजूरी दी

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप प्रशासन ने यूएई को करीब 7 अरब डॉलर के हथियारों की मंजूरी दी है, जिसे सार्वजनिक रूप से घोषित करना जरूरी नहीं है. इसके अलावा अमेरिका ने मिडिल ईस्ट के तीन देशों को 16.5 अरब डॉलर से ज्यादा के हथियारों की बिक्री का भी ऐलान किया है.

March 20, 202610:24 IST

Germany ICJ Case Live: हेग में इजराइल के समर्थन से जर्मनी पीछे हटा

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: रिपोर्ट के मुताबिक जर्मनी ने इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में गाजा मामले में इजराइल के समर्थन से पीछे हटने का फैसला किया है. जर्मन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि जर्मनी इस केस में हस्तक्षेप नहीं करेगा. बताया गया है कि जर्मनी अब उस अलग मामले पर ध्यान दे रहा है जिसमें निकारागुआ ने उस पर इजराइल का समर्थन करने का आरोप लगाया है.

March 20, 202608:53 IST

Saudi Drone Intercept Live: सऊदी अरब के पूर्वी इलाके में 9 और ड्रोन मार गिराए

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देश के पूर्वी प्रांत में 9 और ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया है. यह कार्रवाई उस रात का हिस्सा है जिसमें अब तक दो दर्जन से ज्यादा ड्रोन हमलों को नाकाम किया जा चुका है. सुरक्षा एजेंसियां लगातार हाई अलर्ट पर हैं.

March 20, 202608:19 IST

Bahrain Warehouse Fire Live: ईरानी हमले के बाद गोदाम में आग, कोई हताहत नहीं

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: बहरीन के गृह मंत्रालय ने कहा है कि ईरानी हमले के बाद गिरे मलबे से एक कंपनी के गोदाम में आग लग गई. सिविल डिफेंस की टीमों ने आग पर काबू पा लिया है और किसी के घायल होने की खबर नहीं है. मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि हमला ड्रोन से हुआ या मिसाइल से.

March 20, 202607:30 IST

Iran False Flag Claim Live: ईरान ने सऊदी तेल ठिकानों पर संभावित ‘फॉल्स फ्लैग’ हमले की चेतावनी दी

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: ईरान के खतम अल अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने दावा किया है कि इजराइल सऊदी अरामको के तेल ठिकानों पर फॉल्स फ्लैग हमला करने की योजना बना रहा है. ईरान का कहना है कि ऐसे हमलों का मकसद क्षेत्र में तनाव बढ़ाना और दूसरे देशों को युद्ध में खींचना हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे पहले भी ईरानी सूत्रों ने सऊदी तेल सुविधाओं पर हुए कुछ हमलों को इजराइल की कथित फॉल्स फ्लैग कार्रवाई बताया था, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

March 20, 202607:26 IST

Oil Price Surge Warning Live: युद्ध जारी रहा तो तेल 180 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकता है

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: सऊदी अरब के तेल अधिकारियों का अनुमान है कि अगर ईरान युद्ध और ऊर्जा सप्लाई में रुकावट अप्रैल के अंत तक जारी रही, तो कच्चे तेल की कीमत 180 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक खाड़ी के इस बड़े तेल उत्पादक देश में अधिकारी इस संभावित उछाल को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि इससे वैश्विक बाजार और अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है.

March 20, 202607:24 IST

Iran Military Warning Live: ईरान ने दी चेतावनी, ऊर्जा ढांचे पर हमलों का और कड़ा जवाब मिलेगा

ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: ईरान के खतम अल अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने कहा है कि देश की आक्रामक और रक्षात्मक सैन्य कार्रवाई लगातार जारी है और काफी ताकतवर है. उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमला बड़ी गलती थी और इसका जवाब शुरू हो चुका है. साथ ही कहा कि अगर ऐसे हमले दोहराए गए तो दुश्मन और उसके सहयोगियों के ऊर्जा ठिकानों को पूरी तरह तबाह करने तक कार्रवाई जारी रहेगी और जवाब पहले से कहीं ज्यादा सख्त होगा.

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button