भाजपा लोगों की रिस्पेक्ट नहीं करती, किशोरी लाल शर्मा की जीत के बाद राहुल का भाजपा पर निशाना

Breaking News

Loading

लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन द्वारा प्रशंसनीय प्रदर्शन करने के बाद मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस में जहां पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी

नई दिल्ली

लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन द्वारा प्रशंसनीय प्रदर्शन करने के बाद मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस में जहां पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी, वहीं मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी का घमंड समाप्त हो गया।

इस बीच राहुल गांधी से पत्रकारों ने सवाल किया कि अमेठी में किशोरी लाल शर्मा जीत गए, लेकिन जब कांग्रेस ने उन्हें अमेठी से स्मृति ईरानी के विरोध में चुनावी मैदान में उतारा था, तब बीजेपी नेताओं ने कहा था कि राहुल गांधी डर गए हैं।

इस पर राहुल ने कहा, “बीजेपी की सबसे बड़ी समस्या यह है कि वो लोगों की रिस्पेक्ट नहीं करती है। बीजेपी को नहीं पता है कि किशोरी लाल शर्मा पिछले 40 सालों से कांग्रेस के लिए काम कर रहे हैं। उनका अमेठी की जनता से पुराना नाता रहा है। वो अमेठी की जड़ों से वाकिफ हैं। इस तरह से अमेठी की जनता ने बीजेपी द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी का करारा जवाब दिया है।“

बता दें कि इस लोकसभा चुनाव में अमेठी से बीजेपी ने जहां स्मृति ईरानी को चुनावी मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने राहुल को ना उतारकर किशोरी लाल शर्मा पर दांव लगाया था। इस पर बीजेपी ने तंज कसते हुए कहा था कि राहुल गांधी स्मृति ईरानी से डरकर अमेठी छोड़ कर रायबरेली भाग गए, जो कि किसी भी मायने में उचित नहीं है, लेकिन इस चुनाव में अमेठी की जनता ने स्मृति ईरानी को नकार कर किशोरी लाल को अपना नेता चुना है।

यही नहीं, बीजेपी ने कहा था कि राहुल गांधी जिस तरह 2019 में अमेठी में हारे थे, उसी तरह रायबरेली में भी हारेंगे, लेकिन इस चुनाव में राहुल रायबरेली के साथ-साथ वायनाड से भी जीत का परचम लहराने में सफल रहे।