देश

पूर्व बीजेपी सांसद ने मोदी सरकार के मंत्री पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, कहा- सरकारी पैसे से विदेश में ख़रीदा था फ़्लैट

सुब्रमण्यम स्वामी पहले भी हरदीप पुरी पर निशाना साधते रहे हैं

बीजेपी के पूर्व सांसद सुब्रमण्यम स्वामी अक्सर मोदी सरकार पर हमलावर नजर आते हैं। इस बार स्वामी ने ट्वीट कर मोदी सरकार के एक मंत्री पर गंभीर आरोप लगाया है। स्वामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी पर भ्रष्टाचार के पैसों से अपार्टमेंट खरीदने का आरोप लगाया है।

सुब्रमण्यम स्वामी का आरोप है कि पुरी ने सरकार द्वारा भेजे गए धन का गबन कर जिनेवा में एक अपार्टमेंट खरीदा है। स्वामी अपने ट्वीट में लिखते हैं, ”पुरी जब जिनेवा में पोस्टेड थे, उन्होंने सरकार द्वारा भेजे गए पैसों को श्रीलंकाई तमिलों को डायवर्ट किया और लूट के उन पैसों से जिनेवा के पॉश इलाके में एक बड़ा अपार्टमेंट खरीदा।”

स्वामी ने अपने ट्वीट में सवालिया निशान के साथ लिखा है कि, ”क्या उन्होंने (पुरी) इस बात का खुलासा किया कि जरूरत के मुताबिक वे कब मोदी के मंत्री बने?” इन आरोपों पर केंद्र सरकार या हरदीप पुरी की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।

जिनेवा और हरदीप सिंह पुरी

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय पर मौजूद हरदीप सिंह पुरी की प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने अपने 39 वर्षों के करियर के दौरान, विदेश और रक्षा मंत्रालयों में वरिष्ठ पदों पर कार्य किया। लंदन और ब्रासीलिया में राजदूत स्तर के कार्यभार संभाले और जिनेवा और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में कार्य किया। इससे पहले टोक्यो और कोलंबो में भारत के मिशनों में सेवा दी थी। बहुपक्षीय कूटनीति में व्यापक अनुभव, 2002 से 2005 तक राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि के रूप में जिनेवा में GATT/संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में तीन अवसरों पर कार्य कर चुके हैं।

पहले भी पुरी को बना चुके हैं निशाना

सुब्रमण्यम स्वामी पहले भी हरदीप पुरी को निशाना बना चुके हैं। मार्च 2021 में हरदीप पुरी के नागरिक उड्डयन मंत्री रहते हुए देश के छह प्रमुख हवाई अड्डों के निजीकरण के फैसला हुआ था। पुरी के हवाले से ही यह खबर फ्लैश हुई थी। तब स्वामी ने केंद्र सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा था, ”इसके बजाय क्यों नहीं अडानी को नागरिक उड्डयन मंत्री बनने की अनुमति दी जाए?”

फिलहाल पुरी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री के साथ-साथ आवास और शहरी मामलों के मंत्री भी हैं। बीते अगस्त ही उन्होंने रोहिंग्या शरणार्थियों को फ्लैट देने की बात कही थी। बाद में इस मामले पर सफाई देने के लिए गृह मंत्रालय को सामने आना पड़ा था। हालांकि तब तक पुरी सोशल मीडिया पर घेरे जा चुके थे। स्वामी ने तो पुरी को बर्खास्त करने की ही मांग कर दी थी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था, ”हरदीप सिंह पुरी को मंत्रालय से बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए अपार्टमेंट के निर्माण का आदेश देकर राष्ट्रीय हितों का उल्लंघन किया है।”

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button