विदेश

अब तक 32.50 लाख छोड़ गए यूक्रेन, रूस के हमले के बाद पलायन का हाल; यूएन ने जारी किया आंकड़ा

जेनेवा

यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से अब तक यहां से 32.50 लाख लोग देश छोड़कर जा चुके हैं। इनमें से 20 लाख लोगों ने पोलैंड बॉर्डर क्रॉस किया है। यह जानकारी शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र संघ की तरफ से दी गई। यूएन की रिफ्यूजी एजेंसी यूएनएचसीआर के मुताबिक 24 फरवरी को युद्ध शुरू होने से अब तक 3,270,662 लोग पलायन कर चुके हैं।

और बढ़ सकती है संख्या
यूएनएचसीआर के प्रवक्ता मैथ्यू साल्टमार्श के मुताबिक युद्ध के शुरुआती दिनों की तुलना में पलायन में थोड़ी गिरावट आई है। उन्होंने कहाकि अभी यह कहना ठीक होगा कि यह संख्या करीब 20 लाख से ज्यादा है। हालांकि युद्ध के दिन बढ़ने और हालात खराब होने के बाद इस संख्या में और ज्यादा इजाफा हो सकता है। साल्टमार्श ने कहाकि देश छोड़कर जाने वालों में 90 फीसदी संख्या महिलाओं और बच्चों की है। गौरतलब है कि यूक्रेन में 18 से 60 वर्ष तक की आयु के पुरुषों को मिलिट्री सेवा के लिए बुलाया जा सकता है। ऐसे में यह लोग देश नहीं छोड़ सकते। गौरतलब है कि यूक्रेन की कुल आबादी करीब चार करोड़ है। इसमें क्रीमिया और रूस के कब्जे वाले पूर्वी हिस्से की आबादी शामिल नहीं है।

पोलैंड पहुंचे लाखों
हर दस में से छठा यूक्रेनी शरणार्थी पोलैंड की तरफ भाग रहा है। यूएनएचसीआर के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 1,975,449 लोग इस तरफ गए हैं। हालांकि पोलैंड बॉर्डर पर तैनात गार्डों का कहना है कि शुक्रवार तक यूक्रेन से इस तरफ आने वाले लोगों की संख्या 20 लाख से ऊपर जा चुकी है। हालांकि बहुत से लोग पोलैंड से यूक्रेन भी जा रहे हैं। इनमें उनकी संख्या ज्यादा है जो लड़ाई लड़ने, बुजुर्गों की देखभाल करने या पोलैंड से अपने परिवार को लेने जा रहे हैं।

रोमानिया कितने पहुंचे
यूएनएससीआर के मुताबिक पांच लाख से ज्यादा लोग रोमानिया की तरफ जा चुके हैं। आंकड़ों के मुताबिक यह यह संख्या 508,692 है। इनमें वह लोग भी शामिल हैं जो मोल्डोवा से ईयू सदस्य देशों में पहुंचे थे। इसमें बड़ी संख्या में वह लोग भी हैं जो रोमानिया के बाद अन्य यूरोपीय देशों की तरफ चले गए।

मोल्डोवा
करीब 26 लाख की आबादी वाला यह यूरोपीय देश बेहद गरीब है। यूएनएचआरसी के मुताबिक करीब 355,426 यूक्रेनी लोगों ने रोमानिया और यूक्रेन के बीच मौजूद इस देश का रास्ता तय किया है। यूक्रेन के शहर ओडेसा से इसकी समुद्री सीमा काफी दूर तक लगती है।

हंगरी 
हंगरी में पहुंचने वाले यूक्रेनी शरणार्थियों की संख्या 291,230 है। हंगरी की पांच जगह समीा यूक्रेन से लगती है। इसमें कई सीमाई कस्बे भी हैं। इसमें से एक जाहोनी में स्थानीय अधिकारियों ने पब्लिक बिल्डिंग्स शरणार्थियों के लिए इमरजेंसी सेंटर में बदल रखा है।

स्लोवाकिया
यूक्रेन से स्लोवाकिया के लिए सबसे छोटी सीमा के जरिए कुल 234,738 यहां पहुंच चुके हैं। गुरुवार 5,894 यूक्रेनी यहां पहुंच चुके थे।

रशिया और बेलारूस
रूस में भी बड़े पैमाने पर यूक्रेन के लोग शरण ले रहे हैं। इन शरणार्थियों की संख्या 184,563 है। यूएनएचसीआर के मुताबिक 50 हजार लोग 21 फरवरी से 23 फरवरी के बीच रूस के कब्जे वाले पूर्वी यूक्रेन के डोनेटस्क और लुगांस्क क्षेत्र से रूस में पहुंचे हैं। वहीं बेलारूस पहुंचने वाले शरणार्थियों की संख्या 2,127 है।

Russia Ukraine Tension

 

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button